Type Here to Get Search Results !

चैत्र पूर्णिमा पर सांडिया सीताराम घाट में उमड़ा आस्था का सैलाब, नर्मदा में स्नान-दान का विशेष महत्व

 

चैत्र पूर्णिमा पर सांडिया सीताराम घाट में उमड़ा आस्था का सैलाब, नर्मदा में स्नान-दान का विशेष महत्व

नर्मदापुरम् पिपरिया 2/4/2026 

( छगन कुशवाहा )पिपरिया। हिंदू पंचांग की पहली पूर्णिमा चैत्र पूर्णिमा के अवसर पर शुक्रवार को सांडिया स्थित सीताराम घाट पर आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही श्रद्धालुओं का नर्मदा नदी में स्नान करने के लिए तांता लगा रहा। दूर-दराज के गांवों और शहरों से हजारों की संख्या में लोग घाट पहुंचे और विधि-विधान से स्नान-दान कर पुण्य अर्जित किया।




घाट पर सुबह से ही धार्मिक माहौल बना रहा। श्रद्धालुओं ने नर्मदा में डुबकी लगाकर अपने और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। कई लोगों ने व्रत रखकर चंद्रमा पूजन की तैयारी भी की। मान्यता है कि इस दिन स्नान-दान और पूजा-पाठ करने से विशेष पुण्य फल की प्राप्ति होती है।




महिलाएं, बुजुर्ग और युवा सभी बड़ी श्रद्धा के साथ घाट पर पहुंचे। कुछ श्रद्धालु अपने साथ पूजा सामग्री लेकर आए, वहीं कई लोगों ने जरूरतमंदों को अन्न, वस्त्र और धन का दान भी किया। घाट पर अस्थायी दुकानों और धार्मिक सामग्री के स्टॉल भी लगे, जिससे मेले जैसा माहौल नजर आया।




भीड़ को देखते हुए स्थानीय प्रशासन और पुलिस की टीम भी मुस्तैद रही। घाट पर सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए जवानों की तैनाती की गई, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।


सांडिया सीताराम घाट पर हर वर्ष चैत्र पूर्णिमा के अवसर पर इस तरह का धार्मिक आयोजन होता है, लेकिन इस बार श्रद्धालुओं की संख्या में खासा इजाफा देखने को मिला। दिनभर घाट पर आस्था, भक्ति और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिला।



Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.