कॉलेज में अनियमितताओं के विरोध में NSUI का धरना, प्राचार्य को सौंपा ज्ञापन
नर्मदापुरम् पिपरिया 6/4/2026
( छगन कुशवाहा )
पिपरिया | NSUI ने शहीद भगत सिंह कॉलेज में व्याप्त अनियमितताओं के विरोध में सोमवार को कॉलेज गेट पर धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान संगठन के कार्यकर्ताओं ने कॉलेज प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्राचार्य के नाम ज्ञापन सौंपा।
NSUI पदाधिकारियों का आरोप है कि कॉलेज में लंबे समय से कई समस्याएं बनी हुई हैं, जिनका समाधान नहीं किया जा रहा। सबसे गंभीर मुद्दा अनुसूचित जाति (SC) के विद्यार्थियों की छात्रवृत्ति से जुड़ा है। संगठन के अनुसार, पिछले करीब 130 दिनों से छात्रों के स्कॉलरशिप फॉर्म सत्यापित नहीं किए गए, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
इसके अलावा महाविद्यालय में कार्यक्रमों की सूचना सूचना पटल पर प्रदर्शित नहीं किए जाने का भी आरोप लगाया गया। छात्रों का कहना है कि अधिकांश गतिविधियों की जानकारी सीमित समूहों तक ही सीमित रहती है, जिससे सामान्य विद्यार्थी वंचित रह जाते हैं। विशेष रूप से इको क्लब की गतिविधियों को लेकर पारदर्शिता नहीं बरते जाने की बात सामने आई।
NSUI ने वर्ष 2023-24 और 2024-25 की निशुल्क स्टेशनरी अब तक कई पात्र छात्रों को नहीं मिलने पर भी नाराजगी जताई। वहीं वर्ष 2025-26 में वितरित की गई स्टेशनरी को भी मानकों के अनुरूप नहीं बताया गया।
संगठन ने कॉलेज परिसर की व्यवस्थाओं पर भी सवाल उठाए। वनस्पति उद्यान में ताला लगाकर छात्रों के प्रवेश पर रोक, अर्थशास्त्र विभाग के पास लोहे की जाली का गेट लगाए जाने, शौचालय का टूटा गेट लंबे समय से नहीं सुधारे जाने, परिसर में चाय की गाड़ी को अनुमति देने, जनरेटर के रखरखाव में लापरवाही और NSS कार्यालय के लंबे समय से बंद रहने जैसे मुद्दे ज्ञापन में शामिल किए गए।
इसके साथ ही लाइब्रेरी में बंद पड़े पंखों को तत्काल चालू कराने की मांग भी उठाई गई, ताकि छात्रों को अध्ययन में परेशानी न हो।
NSUI ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही इन समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो संगठन उग्र आंदोलन करने को बाध्य होगा।




