पिपरिया में विधायक क्रिकेट ट्रॉफी के दौरान विवाद, जातिसूचक गाली-गलौज और धमकी देने का मामला दर्ज
नर्मदापुरम् पिपरिया 14/5/2026
( छगन कुशवाहा )
पिपरिया में विधायक क्रिकेट ट्रॉफी आयोजन के दौरान विवाद का मामला सामने आया है। स्टेशन रोड थाना में तीन आरोपियों के खिलाफ मारपीट, जातिसूचक अपमान और जान से मारने की धमकी देने का प्रकरण दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार फरियादी विनय वाल्मीकि (27) निवासी वाल्मीकि कॉलोनी, नगरपालिका कर्मचारी, ने शिकायत दर्ज कराई है कि 13 मई की रात करीब 11:30 बजे इतवारा बाजार ग्राउंड में विधायक क्रिकेट ट्रॉफी का आयोजन चल रहा था। इसी दौरान आरोपी शेखर रघुवंशी और नीतेश रघुवंशी बाइक लेकर स्टेज के सामने पहुंचे और वाहन खड़ा कर दिया।
फरियादी द्वारा बाइक हटाने का आग्रह करने पर दोनों आरोपियों ने कथित रूप से अभद्रता करते हुए जातिसूचक शब्द कहे। विरोध करने पर शेखर रघुवंशी ने फरियादी को थप्पड़ मार दिया। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।
शिकायत में बताया गया है कि करीब दो घंटे बाद रात लगभग 1:30 बजे आरोपी शेखर रघुवंशी, नीतेश रघुवंशी और धनंजय ठाकुर वाल्मीकि कॉलोनी पहुंचे और कथित रूप से फिर से गाली-गलौज करते हुए जातिसूचक अपमान किया। आरोप है कि इस दौरान एक आरोपी ने पिस्टल जैसी वस्तु लहराकर दोबारा उलझने पर जान से खत्म करने की धमकी दी।
घटना की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं एवं अनुसूचित जाति एवं जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। मामले की जांच उपनिरीक्षक अमित सिंह भारद्वाज द्वारा की जा रही है।
