प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना से विद्यार्थियों को जोड़ने महाविद्यालय में जागरूकता शिविर आयोजित
नर्मदापुरम् पिपरिया 20/5/2026
( छगन कुशवाहा )
पिपरिया। शहीद भगत सिंह शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में विद्यार्थियों को रोजगारोन्मुखी अवसरों एवं कौशल विकास से जोड़ने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना पर आधारित विशेष जागरूकता शिविर एवं स्टाफ बैठक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में तृतीय वर्ष, चतुर्थ वर्ष एवं स्नातकोत्तर कक्षाओं के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
शिविर में विद्यार्थियों को प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया गया कि यह योजना युवाओं को प्रतिष्ठित संस्थानों एवं उद्योगों में कार्य करने का व्यावहारिक अनुभव प्रदान करती है। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को कार्यस्थल की वास्तविक परिस्थितियों को समझने, नई तकनीकों एवं कार्यप्रणाली से परिचित होने तथा अपने व्यक्तित्व और कौशल विकास का अवसर मिलता है। साथ ही यह योजना रोजगार की संभावनाओं को सुदृढ़ करने और बेहतर करियर निर्माण में सहायक सिद्ध होती है।
कार्यक्रम की नोडल अधिकारी डॉ. अनीता सेन ने योजना की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया एवं ऑनलाइन पंजीयन संबंधी विस्तृत जानकारी देते हुए विद्यार्थियों से अधिक से अधिक संख्या में पंजीयन कर योजना का लाभ उठाने का आह्वान किया।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राजीव माहेश्वरी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धात्मक दौर में केवल शैक्षणिक ज्ञान पर्याप्त नहीं है, बल्कि व्यावहारिक अनुभव भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना विद्यार्थियों के करियर को नई दिशा देने और आत्मनिर्भर बनने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
इसी क्रम में आयोजित स्टाफ बैठक में डॉ. एस.के. मेहरा ने समस्त प्राध्यापकों एवं स्टाफ सदस्यों से विद्यार्थियों को योजना के प्रति जागरूक करने तथा पंजीयन प्रक्रिया में सहयोग प्रदान करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक विद्यार्थियों की सहभागिता सुनिश्चित करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापकगण, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। जागरूकता शिविर के माध्यम से विद्यार्थियों में प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना को लेकर विशेष उत्साह एवं सकारात्मक जागरूकता देखने को मिली। महाविद्यालय प्रबंधन ने बताया कि आने वाले दिनों में भी ऐसे जागरूकता शिविर आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि अधिकाधिक विद्यार्थी योजना का लाभ उठा सकें।



