प्रशिक्षित बेरोजगार युवाओं को मिलेगा रोजगार का अवसर,
30 जुलाई से 7 अगस्त तक सभी विकासखंडों में होंगे निःशुल्क रोजगार कैंप,
एसआईएस सिक्योरिटी इंडिया लिमिटेड द्वारा किया जायेगा जिले में रोजगार शिविरों का आयोजन
नर्मदापुरम/27,जुलाई,2026/ जिले के प्रशिक्षित बेरोजगार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से एसआईएस सिक्योरिटी इंडिया लिमिटेड, सिंगरौली द्वारा जिले के सभी विकासखंडों में रोजगार शिविर आयोजित किए जाएंगे। इस संबंध में जिला पंचायत सीईओ श्री हिमांशु जैन द्वारा सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं।
जारी कार्यक्रम के अनुसार 30 जुलाई को माखननगर, 31 जुलाई को सोहागपुर, 3 अगस्त को पिपरिया, 4 अगस्त को बनखेड़ी, 5 अगस्त को सिवनी मालवा, 6 अगस्त को केसला तथा 7 अगस्त को नर्मदापुरम जनपद पंचायत में रोजगार शिविर आयोजित होंगे।
जिला पंचायत ने संबंधित अधिकारियों को शिविरों के सफल आयोजन हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि अधिक से अधिक पात्र एवं प्रशिक्षित युवा इन शिविरों का लाभ उठाकर रोजगार प्राप्त कर सकें। साथ ही स्पष्ट किया गया है कि भर्ती प्रक्रिया पूर्णतः निःशुल्क होगी। अभ्यर्थियों से किसी भी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा। युवाओं से अपील की गई है कि वे किसी भी व्यक्ति के बहकावे में आकर धनराशि का भुगतान न करें और निर्धारित तिथि पर अपने विकासखंड में आयोजित रोजगार शिविर में उपस्थित होकर इस अवसर का लाभ उठाएं।
फोटो संलग्न/