Type Here to Get Search Results !

जिला स्तरीय रोजगार मेले में 149 युवाओं का प्राथमिकता स्तर पर चयन

 जिला स्तरीय रोजगार मेले में 149 युवाओं का प्राथमिकता स्तर पर चयन

एमजीएम महाविद्यालय में आयोजित मेले में 251 छात्र-छात्राओं ने लिया भाग

153 को रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ा गया


नर्मदापुरम/23,सितम्‍बर,2026/ लेक्टर श्री सोमेश मिश्रा के निर्देशन में बुधवार को शासकीय महात्मा गांधी स्मृति स्नातकोत्तर महाविद्यालय, इटारसी के वाणिज्य भवन में जिला स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया गया। रोजगार मेले में निजी क्षेत्र की 19 कंपनियों सहित स्वरोजगार से संबंधित विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए। मेले में वर्तमान एवं पूर्व विद्यार्थियों सहित कुल 251 छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की।

रोजगार मेले का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद श्रीमती माया नारोलिया मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि युवा केवल रोजगार मांगने वाले नहीं, बल्कि रोजगार प्रदाता बनने की दिशा में भी आगे बढ़ें। उन्होंने विद्यार्थियों को स्वरोजगार, स्टार्टअप एवं उद्योग स्थापना के क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया तथा शासन द्वारा युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।

149 युवाओं का प्राथमिकता स्तर पर चयन

जिला रोजगार प्लेसमेंट अधिकारी श्री धर्मेश तिवारी के नेतृत्व में आयोजित रोजगार मेले में निजी क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध कराने वाली 19 कंपनियों तथा स्वरोजगार से संबंधित 8 विभागों ने सहभागिता की। मेले में शामिल 251 छात्र-छात्राओं में से 149 का प्राथमिकता स्तर पर रोजगार के लिए चयन किया गया। वहीं स्वरोजगार योजनाओं के अंतर्गत 3 छात्र-छात्राओं को लाभान्वित किया गया। इस प्रकार कुल 153 छात्र-छात्राएं रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों से लाभान्वित हुए।

141 विद्यार्थियों को मिला कैरियर मार्गदर्शन

रोजगार मेले के दौरान कैरियर काउंसलिंग का भी आयोजन किया गया, जिसमें 141 छात्र-छात्राओं को कैरियर संबंधी मार्गदर्शन प्रदान किया गया। विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को उनकी योग्यता, रुचि एवं उपलब्ध रोजगार अवसरों के अनुरूप कैरियर विकल्प चुनने के संबंध में जानकारी दी।

मेले में स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वास्थ्य शिविर भी लगाया गया, जिसमें 90 छात्र-छात्राओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। रोजगार मेले का मंच संचालन महाविद्यालय के प्लेसमेंट अधिकारी डॉ. पवन कुमार अग्रवाल ने किया। आयोजन में संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं महाविद्यालय का स्टाफ उपस्थित रहा।

इटारसी नगरपालिका अध्यक्ष श्री पंकज चौरे ने कहा कि वर्तमान समय में शासन द्वारा विद्यार्थियों के लिए कैरियर मार्गदर्शन, प्लेसमेंट ड्राइव, कोचिंग, छात्रवृत्ति सहित विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। विद्यार्थियों को इन अवसरों का लाभ उठाते हुए अपने कैरियर को बेहतर दिशा देने का प्रयास करना चाहिए।

कार्यक्रम में इटारसी के अनुविभागीय अधिकारी राजस्व श्री निलेश कुमार शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे। पॉलिटेक्निक इटारसी के प्राचार्य श्री राकेश कुमार चोलकर एवं सहायक संचालक, उद्योग विभाग श्री देवेंद्र रघुवंशी ने भी विद्यार्थियों को कैरियर एवं रोजगार के विभिन्न अवसरों के संबंध में मार्गदर्शन प्रदान किया।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.