स्वामित्व अधिकार अभिलेख निष्पादन एवं पंजीयन योजना 2026 का 17 सितंबर से होगा शुभारंभ
ग्रामीण आबादी क्षेत्रों के संपत्ति अधिकार अभिलेखों का निःशुल्क निष्पादन एवं शत-प्रतिशत पंजीयन किया जाएगा
कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने आमजन से योजना का लाभ लेने की अपील की
नर्मदापुरम/16,सितम्बर,2026/ ग्रा
कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने जिले के ग्रामीण आबादी क्षेत्रों के नागरिकों से अपील की है कि वे योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि स्वामित्व योजना अंतर्गत ग्रामीण आबादी क्षेत्रों के लिए तैयार किए गए निजी स्वामित्व के अधिकार अभिलेखों का निःशुल्क निष्पादन एवं शत-प्रतिशत पंजीयन इस योजना के माध्यम से किया जाएगा।
योजना के अंतर्गत पात्र नागरिक अपने अधिकार अभिलेख के पंजीयन के लिए आवेदन प्रक्रिया पूर्ण कर सकते हैं। इसके लिए नागरिक ई-सेवा पोर्टल के माध्यम से स्वयं आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं अथवा SAARA पोर्टल पर संबंधित पटवारी के माध्यम से आवेदन कराया जा सकता है। आवेदन प्राप्त होने के उपरांत पंजीयनकर्ता (तहसीलदार) द्वारा SAMPADA पोर्टल के माध्यम से पंजीयन की प्रक्रिया पूर्ण की जाएगी।
कलेक्टर श्री मिश्रा ने जिले के नागरिकों से कहा है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में आयोजित होने वाले शिविरों में पहुंचकर योजना से संबंधित प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त करें और आवश्यक दस्तावेजों में आधार, समग्र एवं अधिकार अभिलेख की प्रति के साथ आवेदन प्रस्तुत करें। योजना के माध्यम से संपत्ति संबंधी अधिकार अभिलेखों के पंजीयन की प्रक्रिया को सुगम बनाया जाएगा, जिससे नागरिक अपनी संपत्ति के आधार पर बैंकिंग संस्थाओं से ऋण प्राप्त करने में सुविधा का लाभ उठा सकेंगे।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि पंचायत स्तर पर आयोजित होने वाले शिविरों में नागरिकों को योजना की प्रक्रिया की जानकारी उपलब्ध कराई जाए तथा पात्र हितग्राहियों के आवेदन एवं पंजीयन की कार्यवाही निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार पूर्ण कराई जाए।
कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने जिलेवासियों से अपील की है कि 17 सितंबर 2026 से प्रारंभ हो रही ‘स्वामित्व अधिकार अभिलेख निष्पादन एवं पंजीयन योजना 2026’ के तहत आयोजित शिविरों में पहुंचकर अपने संपत्ति अधिकार अभिलेख का निःशुल्क पंजीयन कराएं और योजना का लाभ प्राप्त करें।