Type Here to Get Search Results !

मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत कृषि उपज मंडी प्रांगण, नर्मदापुरम में आयोजित जन संवाद शिविर ---------

 मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान शिविर में 212 नागरिकों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण

सांसद एवं विधायक ने कराई ब्लड प्रेशर की जांच, 11 टीबी मरीजों को पोषण आहार और 4 नागरिकों को आयुष्मान कार्ड वितरित


नर्मदापुरम/12,सितम्‍बर,2026/ मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत 11 सितंबर को कृषि उपज मंडी प्रांगण, नर्मदापुरम में आयोजित जन संवाद शिविर में स्वास्थ्य विभाग द्वारा 212 नागरिकों को विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा के दिशानिर्देश में प्रभारी सीएमएचओ डॉ. सृजन सेंगर की देखरेख एवं सिविल सर्जन डॉ. सुनीता कामले के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं नर्मदापुरम विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा एवं राज्यसभा सांसद श्रीमती माया नारोलिया ने भी ब्लड प्रेशर की जांच कराई।

शिविर में स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा आमजन का स्वास्थ्य परीक्षण, रक्तचाप एवं रक्त शर्करा की जांच, मलेरिया जांच, सामान्य स्वास्थ्य संबंधी परामर्श तथा आवश्यकतानुसार निःशुल्क औषधियों का वितरण किया गया। शिविर में 212 नागरिकों का पंजीयन एवं स्वास्थ्य परीक्षण हुआ। इनमें 119 नागरिकों की ब्लड प्रेशर जांच, 57 लोगों की ब्लड शुगर जांच तथा 15 नागरिकों की मलेरिया जांच की गई। सभी पात्र हितग्राहियों को आवश्यक औषधियां एवं अन्य स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।

टीबी मरीजों को पोषण आहार एवं आयुष्मान कार्ड का वितरण

शिविर में 11 टीबी मरीजों को पोषण आहार वितरित किया गया। साथ ही 4 नागरिकों को आयुष्मान कार्ड प्रदान किए गए। पात्र हितग्राहियों को शासन की विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी देकर उनका लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया।

स्वास्थ्य जागरूकता एवं आवश्यक परामर्श

शिविर में चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों द्वारा नागरिकों को स्वच्छता, संतुलित आहार, नियमित व्यायाम, गैर-संचारी रोगों की रोकथाम तथा समय पर उपचार के संबंध में आवश्यक परामर्श दिया गया। आवश्यकता वाले मरीजों को उच्च स्वास्थ्य संस्थाओं में जांच एवं उपचार के लिए रेफर किया गया। नागरिकों को स्वास्थ्य योजनाओं एवं कार्यक्रमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से प्रदर्शनी भी लगाई गई।

चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों ने दी सेवाएं

शिविर में डॉ. सृजन सेंगर, डॉ. शाश्वत बुचके एवं डॉ. निधि सिंघई द्वारा आगंतुकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। नर्सिंग स्टाफ एवं अन्य स्वास्थ्यकर्मियों ने विभिन्न जांचों में सहयोग प्रदान किया। कार्यालयीन स्टाफ द्वारा स्वास्थ्य शिविर की आवश्यक तैयारियां एवं व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.