Type Here to Get Search Results !

वन्यजीवों को भोजन न खिलाएं, पचमढ़ी की प्राकृतिक सुंदरता और स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें

 पचमढ़ी की प्राकृतिक सुंदरता और स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें, वन्यजीवों को भोजन न खिलाएं



नर्मदापुरम/07,नवंबर,2026/  सतपुड़ा टाइगर रिजर्व एवं पचमढ़ी की प्राकृतिक सुंदरता, स्वच्छता और मानव-वन्यजीव सह-अस्तित्व को बनाए रखने के उद्देश्य से पर्यटकों एवं स्थानीय रहवासियों से विशेष अपील की गई है। सभी से आग्रह किया गया है कि पचमढ़ी भ्रमण के दौरान पर्यावरण संरक्षण और वन्यजीवों की सुरक्षा को प्राथमिकता दें तथा निर्धारित नियमों का पालन करें।

          अपील में कहा गया है कि पर्यटक एवं स्थानीय नागरिक गौर, जंगली सूअर सहित अन्य वन्यजीवों को किसी भी प्रकार का भोजन न खिलाएं। उनके लिए जूठा भोजन अथवा खाद्य सामग्री के अवशेष खुले में न छोड़ें। वन्यजीवों को भोजन देने से उनकी प्राकृतिक भोजन संबंधी आदतें प्रभावित होती हैं और मानव एवं वन्यजीवों के बीच संघर्ष की आशंका बढ़ सकती है।

          इसी प्रकार बंदरों को भी भोजन न देने और उन्हें उकसाने से बचने की अपील की गई है। पर्यटक अपने साथ लाए गए खाद्य पदार्थों के पैकेट एवं अन्य कचरे को वापस ले जाएं अथवा निर्धारित कूड़ेदान में ही डालें। घरों, होटलों एवं दुकानों के आसपास स्वच्छता बनाए रखें तथा खाद्य अवशेष खुले में न फेंकें, ताकि वन्यजीव आबादी वाले क्षेत्रों की ओर आकर्षित न हों।

          प्रशासन एवं सतपुड़ा टाइगर रिजर्व प्रबंधन ने सभी पर्यटकों और स्थानीय नागरिकों से अपील की है कि वे जिम्मेदार पर्यटन को बढ़ावा दें और प्रकृति के संरक्षण में सहभागी बनें।

फोटो संलग्न/

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.