धान उपार्जन केंद्रों का समय रहते चिन्हांकन कर भौतिक सत्यापन सुनिश्चित करें – कलेक्टर आशीष वशिष्ठ
उपार्जन केंद्रों पर बारदानों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए,
रबी फसल की बोवनी के अनुरूप खाद की उपलब्धता और आपूर्ति का आकलन करें
नर्मदापुरम/13,नवम्बर,2026/ आगा
कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने शुक्रवार को जिला उपार्जन सेल सहित कृषि एवं अन्य संबद्ध विभागों की समीक्षा बैठक लेकर जिले में खाद वितरण व्यवस्था तथा आगामी धान उपार्जन की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि उपार्जन से संबंधित सभी आवश्यक तैयारियां निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण की जाएं। केंद्रों के चिन्हांकन से लेकर वहां जरूरी संसाधनों की उपलब्धता तक प्रत्येक बिंदु पर गंभीरता से कार्य किया जाए।
कलेक्टर ने खाद वितरण व्यवस्था की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि एक्सेप्शनल हैंडलिंग केसेस के अंतर्गत डांगरवाड़ी क्षेत्र के किसानों को खाद की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। इसके लिए कृषि विभाग अपने मैदानी अमले को सक्रिय रखे और किसानों की खाद संबंधी आवश्यकताओं पर सतत निगरानी बनाए रखे। उन्होंने आगामी रबी फसल की बोवनी का क्षेत्रवार विश्लेषण करने तथा किसानों की मांग के अनुरूप खाद की उपलब्धता का पूर्व आकलन करने के निर्देश दिए, ताकि किसानों को आवश्यकता के समय उर्वरक की कमी का सामना न करना पड़े।
बैठक में कलेक्टर ने नरवाई प्रबंधन की भी समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन क्षेत्रों में खरीफ फसल की कटाई पूरी हो चुकी है, वहां नरवाई प्रबंधन के लिए आवश्यक कृषि यंत्रों की उपलब्धता बढ़ाई जाए। किसानों को नरवाई का उचित प्रबंधन करने के लिए प्रोत्साहित किया जाए। उन्होंने कहा कि जिन किसानों ने नरवाई का सफलतापूर्वक प्रबंधन किया है, उन्हें प्रोत्साहित करने के साथ-साथ ऐसी ग्राम पंचायतों को भी सम्मानित किया जाए, जहां नरवाई का शत-प्रतिशत प्रबंधन सुनिश्चित किया गया हो।
कलेक्टर ने किसान संगठनों के साथ नियमित बैठकें आयोजित करने के निर्देश देते हुए कहा कि किसानों को शासन द्वारा कृषि एवं आय संवर्धन के लिए संचालित योजनाओं तथा उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी दी जाए। उन्हें आधुनिक कृषि पद्धतियों को अपनाने और कृषि के माध्यम से निरंतर आय बढ़ाने के लिए प्रेरित किया जाए। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री हिमांशु जैन सहित जिला उपार्जन सेल, कृषि विभाग एवं अन्य संबद्ध विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।