भोपाल। 7/3/2026 (दयाराम कुशवाहा ) भोपाल। राजधानी भोपाल के तिरलंगा सोसायटी स्थित गेट नंबर-3 (पीपल चौराहा) पर इन दिनों गंदगी का साम्राज्य देखने को मिल रहा है। यहां कई दिनों से कचरे का ढेर पड़ा हुआ है, लेकिन सफाई व्यवस्था की जिम्मेदारी निभाने वाली एजेंसियों की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
स्थानीय रहवासियों का कहना है कि सड़क किनारे पड़ा कचरा लगातार बढ़ता जा रहा है। कचरे के ढेर से बदबू फैल रही है, जिससे आसपास रहने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यही नहीं, खुले में पड़े कचरे के कारण मच्छरों और संक्रमण फैलने का खतरा भी बढ़ गया है।
रहवासियों के मुताबिक कई बार संबंधित विभाग को इस समस्या की जानकारी दी गई, लेकिन अब तक स्थिति जस की तस बनी हुई है। लोगों का कहना है कि अगर जल्द सफाई नहीं हुई तो यह स्थान बीमारियों का कारण बन सकता है।
स्थानीय नागरिकों ने नगर निगम भोपाल से मांग की है कि यहां नियमित सफाई कराई जाए और कचरा डालने की व्यवस्था व्यवस्थित की जाए, ताकि क्षेत्र में स्वच्छता बनी रहे।
सवाल यह भी है कि स्वच्छता के बड़े-बड़े दावों के बीच आखिर तिरलंगा जैसे विकसित इलाके में कचरे का यह ढेर क्यों लगा हुआ है?