
पिपरिया में फिल्मी स्टाइल रंगदारी कांड का पर्दाफाश, व्यापारी पर फायरिंग करने वाले गैंग के 3 बदमाश दबोचे
नर्मदापुरम् पिपरिया 18/5/2026
( छगन कुशवाहा )
पिपरिया। शहर के इलेक्ट्रॉनिक व्यापारी से 5 लाख रुपये की रंगदारी मांगकर दहशत फैलाने और दुकान पर फायरिंग करने वाले संगठित गैंग के तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक अंग्रेजी पिस्टल और दो जिंदा कारतूस भी जब्त किए हैं। मामले में चार आरोपी अब भी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस के अनुसार 15 मई को सचिन इलेक्ट्रॉनिक्स के संचालक सचिन जायसवाल ने थाना पिपरिया में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि शाम करीब 4 बजे दो बदमाश दुकान पर पहुंचे। इनमें से एक आरोपी दुकान के अंदर आया और गुलाबी रंग की पर्ची थमाई, जिस पर ‘रज्जू पुर्विया की तरफ से गिफ्ट’ लिखकर 5 लाख रुपये की फिरौती मांगी गई थी। इसके बाद बाहर खड़े आरोपी ने दुकान की ओर पिस्टल से फायर किया, जो मिसफायर हो गया।
व्यापारी जब रिपोर्ट दर्ज कराने थाने गया, तभी दो अन्य बदमाश दुकान पर पहुंचे और तीन राउंड फायर कर दहशत फैला दी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक साई कृष्ण एस. थोटा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक राजन और एसडीओपी मोहित कुमार यादव के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने रायसेन, भोपाल, नर्मदापुरम, सोहागपुर और पचमढ़ी समेत कई स्थानों पर दबिश देकर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।
जांच में सामने आया कि इस वारदात की साजिश रज्जू पुर्विया ने बड़वानी जेल से रची थी। उसने अपने सहयोगी जितेंद्र उर्फ जित्तू ठाकुर को गैंग बनाकर पिपरिया के व्यापारियों को धमकाने और विरोध करने पर फायरिंग करने के निर्देश दिए थे। पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ कि वारदात में प्रयुक्त पिस्टल नर्मदापुरम निवासी साहिद उर्फ भूरा कबाड़ी से 40 हजार रुपये में खरीदी गई थी।
गिरफ्तार आरोपी
- जित्तू उर्फ जितेंद्र राजपूत (40), निवासी पिपरिया
- आमिर खान (38), निवासी रायसेन
- साहिद उर्फ भूरा कबाड़ी (45), निवासी नर्मदापुरम
पुलिस को मिली बड़ी सफलता
दबिश के दौरान वर्ष 2005 से फरार चल रहा स्थायी वारंटी बीरू उर्फ वीरेंद्र राजपूत भी पुलिस के हत्थे चढ़ा। वह चार स्थायी वारंटों में लंबे समय से फरार था।
जब्त सामग्री
- एक अंग्रेजी पिस्टल
- दो जिंदा कारतूस
पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।