खेलो-सीखो-आगे बढ़ो थीम पर खिलाड़ी ले रहे प्रशिक्षण, आरोह-2026 शिविर में फिटनेस और व्यक्तित्व विकास पर जोर
नर्मदापुरम् पिपरिया 17/5/2026
( छगन कुशवाहा )
पिपरिया। संचालनालय खेल एवं युवा कल्याण विभाग भोपाल द्वारा आयोजित 30 दिवसीय ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर ‘आरोह-2026’ में खिलाड़ी पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ प्रशिक्षण ले रहे हैं। ‘खेलो, सीखो, आगे बढ़ो’ थीम पर आयोजित शिविर का उद्देश्य युवाओं को खेलों के माध्यम से स्वस्थ रखना और उनके खेल कौशल में सुधार करना है।
शिविर का आयोजन सांदीपनि शासकीय आरएनए स्कूल पिपरिया एवं शासकीय कन्या विद्यालय पिपरिया में किया जा रहा है। नियमित अभ्यास से बच्चों में फिटनेस, एकाग्रता और आत्मबल का विकास हो रहा है।
रविवार को सुबह फिट इंडिया मूवमेंट के तहत खिलाड़ियों को मॉर्निंग रन, योग, प्राणायाम, सूर्य नमस्कार और दैनिक फिटनेस गतिविधियां कराई गईं। वहीं सायंकालीन सत्र में व्यक्तित्व विकास कार्यक्रम के अंतर्गत कम्युनिकेशन स्किल, लीडरशिप, टीम वर्क और मोटिवेशनल सेशन आयोजित हुए।
इस दौरान विकासखंड खेल प्रभारी अरविंद शर्मा, स्पोर्ट्स ऑफिसर डॉ. शैलेंद्र मालवीय, शासकीय महाविद्यालय डोलरिया के स्पोर्ट्स ऑफिसर, तथा शासकीय भगत सिंह महाविद्यालय पिपरिया के सहायक प्राध्यापक डॉ. अरुण मोहता ने खिलाड़ियों को खेलों में अनुशासन, निरंतर अभ्यास और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।
शिविर में खेल एवं युवा कल्याण समन्वयक प्रीतम सिंह पुर्विया, वरिष्ठ फुटबॉल खिलाड़ी अभिषेक श्रोती, सुशील पटवा, प्रशिक्षक सचिन पुर्विया, निशा ठाकुर, नईम खान, सचिन शर्मा, भरतजी पटेल सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी उपस्थित रहे।
