भोपाल,16/05/2026 (दयाराम कुशवाहा ) भोपाल,पंचायत एवं ग्रामीण विकास और श्रम तथा भिंड जिले के प्रभारी मंत्री श्री प्रह्लाद सिंह पटेल के मार्गदर्शन में क्षेत्र के विकास को नई गति देने की कार्ययोजना बनाई गई। इस बात पर विशेष बल दिया गया कि शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर पर बैठे हर पात्र और जरूरतमंद व्यक्ति तक पूरी पारदर्शिता के साथ पहुंचे। प्रभारी मंत्री श्री पटेल ने जनसमस्याओं के त्वरित और समयबद्ध समाधान तथा बुनियादी ढाँचे को मजबूत करने पर जोर दिया। भोपाल स्थित निवास पर आज भिंड कोर कमेटी की एक अत्यंत महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस उच्च स्तरीय बैठक में भिंड जिले के समग्र विकास कार्यों, राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और संगठनात्मक विषयों को लेकर विस्तारपूर्वक समीक्षा और विचार-विमर्श किया गया।
इस बैठक में क्षेत्र के अनेक प्रमुख जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ नेता और संगठन के पदाधिकारी सम्मिलित हुए। नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री श्री राकेश शुक्ला, सांसद संध्या राय, विधायक श्री अमरीश शर्मा, विधायक श्री नरेंद्र सिंह कुशवाह, कामना सिंह भदौरिया, जिला पंचायत अध्यक्ष, भाजपा जिला अध्यक्ष श्री देवेंद्र नरवरिया, पूर्व कैबिनेट मंत्री अरविंद भदौरिया, संभाग प्रभारी श्री अभय प्रताप, जिला प्रभारी श्री अमीर सिंह पटेल, श्री शैलेंद्र बरुआ एवं नगर पालिका अध्यक्ष ममता भदौरिया सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के अंतिम सत्र में जिले के चहुंमुखी विकास और संगठन को धरातल पर और अधिक सक्रिय व सुदृढ़ बनाने की रणनीति तैयार की गई। जनता से जुड़े स्थानीय मुद्दों और शिकायतों के त्वरित निवारण को लेकर सभी उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने एकजुटता के साथ अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। यह बैठक भिंड जिले की उन्नति और जनकल्याण के संकल्प को सिद्ध करने की दिशा में एक सकारात्मक और सार्थक कदम रही।