फोटो वायरल करने की धमकी देकर दुष्कर्म, आरोपी 16 घंटे में गिरफ्तार
नर्मदापुरम् पिपरिया 21/5/2026
( छगन कुशवाहा )
पिपरिया। पिपरिया पुलिस ने महिला को फोटो वायरल करने और जान से मारने की धमकी देकर दुष्कर्म करने वाले आरोपी को घटना के महज 16 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को पकड़कर न्यायालय में पेश किया है।
पुलिस के अनुसार 20 मई 2026 को पीड़िता ने थाना पिपरिया पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी कि ग्राम चंदेरी निवासी आरिफ खान ने उसकी फोटो वायरल करने की धमकी दी और उसके साथ दुष्कर्म किया। साथ ही आरोपी ने जान से मारने की धमकी भी दी। शिकायत के आधार पर थाना पिपरिया में अपराध क्रमांक 231/2026 दर्ज कर धारा 64(2) एम, 351(3) बीएनएस एवं एससी-एसटी एक्ट की विभिन्न धाराओं में मामला कायम कर विवेचना शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक नर्मदापुरम साई कृष्ण एस. थोटा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक राजन एवं एसडीओपी मोहित कुमार यादव के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक गिरीश त्रिपाठी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने मुखबिर तंत्र सक्रिय कर आरोपी की तलाश शुरू की।
तलाश के दौरान सूचना मिली कि आरोपी पिपरिया आ रहा है और भागने की फिराक में है। सूचना पर पुलिस टीम ने सांडिया रोड क्षेत्र में घेराबंदी कर आरोपी आरिफ खान उर्फ आरिफ शाह (22) निवासी ग्राम चंदेरी, थाना सोहागपुर को हिरासत में लिया और विधिवत कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया।
कार्रवाई में एसडीओपी मोहित कुमार यादव, निरीक्षक गिरीश त्रिपाठी, उपनिरीक्षक मोनिका सिंह सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



