मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत शोभापुर कृषि उपज मंडी में शिविर आयोजित, 137 आवेदनों में से 118 का मौके पर निराकरण
नर्मदापुरम/09,अक्टूबर,2026 मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत शोभापुर स्थित कृषि उपज मंडी परिसर में जन विश्वास अभियान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं नागरिक शामिल हुए। जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने नागरिकों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं अभियानों की जानकारी दी। साथ ही नागरिकों ने अपनी समस्याएं संबंधित विभागों के अधिकारियों के समक्ष रखीं, विभिन्न विभागों के कुल 137 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 118 आवेदनों का मौके पर निराकरण किया गया, जबकि शेष 19 आवेदनों को समय-सीमा में निराकरण हेतु लिया गया।
शिविर में लोकसभा सांसद श्री दर्शन सिंह चौधरी, सोहागपुर विधायक ठाकुर विजयपाल सिंह, कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा, जिला पंचायत सीईओ श्री हिमांशु जैन सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने शिविर में नागरिकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली तथा शासन की योजनाओं एवं उनके माध्यम से मिलने वाले लाभों के संबंध में जानकारी दी। जनप्रतिनिधियों ने भी नागरिकों को शिविर के उद्देश्य एवं शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।
उद्यम संवाद में हितग्राहियों ने साझा किए अनुभव
शिविर में उद्यम संवाद सत्र का आयोजन भी किया गया। इसमें समीपस्थ क्षेत्रों से पहुंचे विभिन्न शासकीय योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों एवं युवा उद्यमियों ने अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि किस प्रकार शासन की योजनाओं से प्राप्त ऋण, आर्थिक सहायता एवं अन्य सुविधाओं का लाभ लेकर उन्होंने अपने व्यवसाय एवं उद्यम प्रारंभ किए तथा आर्थिक आत्मनिर्भरता की दिशा में कदम बढ़ाया।
उद्यमियों ने उपस्थित नागरिकों को अपने संस्थान एवं व्यवसाय की जानकारी देते हुए युवाओं से स्वरोजगार एवं उद्यमिता के अवसरों का लाभ उठाने का आह्वान किया।
विभागवार आवेदनों का निराकरण
शिविर में राजस्व विभाग के 29 आवेदनों में से 23 का निराकरण किया गया। ऊर्जा विभाग के 13 आवेदनों में से 8 का तथा स्वास्थ्य विभाग के 1 आवेदन का निराकरण किया गया। लोक स्वास्थ् यांत्रिकी विभाग के 2 आवेदन प्राप्त हुए, जिनका निराकरण शेष रहा। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग सहित अन्य विभागों द्वारा भी प्राप्त आवेदनों पर कार्यवाही की गई।
विभिन्न विभागों द्वारा हितग्राहियों को सेवाएं प्रदान
शिविर स्थल पर राजस्व विभाग द्वारा 38 फार्मर रजिस्ट्री तैयार की गईं। पीएम किसान एवं मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना के संबंध में 2 हितग्राहियों को परामर्श दिया गया तथा अन्य 24 आवेदन प्राप्त हुए।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा 40 लोगों का एनसीडी स्वास्थ्य परीक्षण, 15 लोगों का शुगर टेस्ट एवं 11 लोगों का ब्लड प्रेशर परीक्षण किया गया। इसके साथ ही 5 आयुष्मान कार्ड बनाए गए तथा 15 आभा कार्ड संबंधी सेवाएं प्रदान की गईं।
महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा 10 हितग्राहियों को पोषण संबंधी परामर्श तथा 14 हितग्राहियों को लाड़ली बहना योजना के संबंध में जानकारी एवं परामर्श दिया गया। आधार शिविर के माध्यम से 8 लोगों को आधार संबंधी दस्तावेजी प्रक्रिया की जानकारी दी गई। आयुष विभाग द्वारा 120 दवाओं तथा पशु चिकित्सा विभाग द्वारा 18 दवाओं का निःशुल्क वितरण किया गया। रोजगार पंजीयन काउंटर पर 18 लोगों का पंजीयन किया गया।
मंच से हितलाभों का वितरण
शिविर के दौरान स्व-सहायता समूहों को कुल 36 लाख रुपये की राशि के सीसीएल ऋण संबंधी हितलाभ प्रदान किए गए। किसान कल्याण विभाग द्वारा 40 हितग्राहियों को हितलाभ वितरित किए गए। राजस्व विभाग द्वारा 40 स्वामित्व अधिकार अभिलेख तथा नामांतरण एवं बंटवारे से संबंधित 30 आवेदनों का मंच से वितरण किया गया।
पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा 5 हितग्राहियों को पेंशन योजना, 15 हितग्राहियों को प्रधानमंत्री आवास योजना की प्रथम किस्त तथा 10 हितग्राहियों को संबल योजना के अंतर्गत हितलाभ प्रदान किए गए। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा 3 हितग्राहियों को लाड़ली लक्ष्मी योजना का लाभ प्रदान किया गया। साथ ही राज्य स्तर पर चयनित खिलाड़ियों का सम्मान भी किया गया।
शासकीय संस्थाओं का निरीक्षण
अभियान के अंतर्गत प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा विभिन्न शासकीय संस्थाओं का निरीक्षण भी किया गया। माननीय कलेक्टर महोदय द्वारा शासकीय उचित मूल्य दुकान, शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय एवं पंचायत भवन शोभापुर का निरीक्षण किया गया। एसडीएम सोहागपुर द्वारा पीएम श्री शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय शोभापुर का निरीक्षण किया गया। पशु चिकित्सा विभाग के जिला स्तरीय अधिकारी द्वारा पशु चिकित्सालय शोभापुर का निरीक्षण किया गया। अभियान के अंतर्गत 10 अधिकारियों द्वारा कुल 14 शासकीय संस्थाओं का निरीक्षण किया गया।
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के माध्यम से शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाने, उनकी समस्याओं का त्वरित निराकरण करने तथा शासकीय सेवाओं को अधिक सुगम एवं प्रभावी बनाने की दिशा में कार्यवाही की गई।
