Type Here to Get Search Results !

पर्व-त्योहारों पर शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए रहें सतर्क : कलेक्टर श्री आशीष वशिष्ठ

 पर्व-त्योहारों पर शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए रहें सतर्क : कलेक्टर श्री आशीष वशिष्ठ

पटाखा दुकानों के लिए सुरक्षित स्थान चिन्हित करें, रावण दहन कार्यक्रम में यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के निर्देश

प्रतिमा विसर्जन जुलूस मार्गों पर झूलते तारों को व्यवस्थित करें, नरवाई में आगजनी की घटनाओं पर रखें निगरानी



नर्मदापुरम/17, अक्टूबर, 2026/ कलेक्टर श्री आशीष वशिष्ठ ने पुलिस अधीक्षक श्री साइ कृष्ण एस. थोटा की उपस्थिति में जिले में आगामी पर्व एवं त्योहारों के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के संबंध में बैठक आयोजित कर तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में कलेक्टर ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि पर्व-त्योहारों के दौरान जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। बैठक में समस्त अनुविभागीय अधिकारी राजस्व एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

          कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने निर्देश दिए कि दीपावली पर्व से पूर्व पटाखा दुकानों के अस्थायी लाइसेंस जारी करने की प्रक्रिया तथा दुकानों के लिए स्थान चिन्हित करने का कार्य समय पर पूरा किया जाए। पटाखा दुकानों के लिए निर्धारित स्थानों पर सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि दुकानों के संचालन के दौरान सुरक्षा संबंधी मापदंडों से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाए।

          कलेक्टर ने आगामी दिवस में आयोजित होने वाले रावण दहन कार्यक्रम को दृष्टिगत रखते हुए शहर में यातायात एवं आवागमन की व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के दौरान नागरिकों की सुरक्षा एवं आवागमन को ध्यान में रखते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं, ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो।

          कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने नवरात्रि के समापन पर प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए निकलने वाले चल समारोह एवं जुलूसों के मार्गों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने मध्यप्रदेश विद्युत वितरण कंपनी के अधिकारियों को निर्देशित किया कि जुलूस मार्गों पर झूलते विद्युत तारों को व्यवस्थित कर सुरक्षित ऊंचाई पर रखा जाए, ताकि चल समारोह के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना न हो। साथ ही, इन मार्गों पर सड़क मरम्मत एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने एनजीटी के निर्देशों के अनुरूप नदी में प्रतिमाओं के विसर्जन पर प्रतिबंध का पालन सुनिश्चित करने को कहा।

          कलेक्टर ने समस्त अनुविभागीय अधिकारी राजस्व एवं पुलिस को निर्देश दिए कि फसल कटाई के बाद नरवाई में आगजनी की घटनाओं की प्रभावी रोकथाम के लिए दोनों विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें। ऐसी घटनाओं पर निगरानी रखते हुए नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि जिले में किसी भी स्थिति में शांति एवं कानून व्यवस्था प्रभावित नहीं होनी चाहिए।

          कलेक्टर ने आगामी दिनों में फसलों की सिंचाई के लिए तवा डैम से पानी छोड़े जाने के दौरान भी सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न होने पर राजस्व एवं पुलिस विभाग आपसी समन्वय से तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करें।

          बैठक में अपर कलेक्टर श्री राजेश शुक्ला, एसडीएम नर्मदापुरम श्री देवेंद्र प्रताप सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.