Type Here to Get Search Results !

आगामी धान उपार्जन की तैयारियों को लेकर जिला उपार्जन समिति की बैठक संपन्न

 आगामी धान उपार्जन की तैयारियों को लेकर जिला उपार्जन समिति की बैठक संपन्न

कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने दिए सुचारू एवं व्यवस्थित उपार्जन सुनिश्चित करने के निर्देश



नर्मदापुरम/13,अक्‍टूबर,2026/ आगामी धान उपार्जन की तैयारियों के संबंध में कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा की अध्यक्षता में जिला उपार्जन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपार्जन के नोडल अधिकारी एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, समस्त अनुविभागों के अनुविभागीय अधिकारी राजस्व तथा जिला उपार्जन समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

बैठक में आगामी धान उपार्जन कार्य को सुचारू, व्यवस्थित एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। कलेक्टर श्री मिश्रा ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि उपार्जन प्रारंभ होने से पूर्व सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की जाएं, ताकि किसानों को उपार्जन के दौरान किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

कलेक्टर श्री मिश्रा ने निर्देश दिए कि विगत दो उपार्जन सत्रों, गेहूं एवं मूंग उपार्जन के दौरान उपार्जन नीति के अनुरूप कार्य करने वाले गोदामों में ही आगामी उपार्जन केंद्र स्थापित किए जाएं। साथ ही, विगत उपार्जन कार्यों में प्रदर्शन के आधार पर उपार्जन में संलग्न सभी समितियों की ग्रेडिंग की जाएगी, जिससे आगामी उपार्जन कार्यों में व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।

कलेक्टर ने निर्देशित किया कि गत वर्ष के उपार्जन के आंकड़ों के आधार पर प्रत्येक केंद्र पर प्रतिदिन आने वाली धान की औसत मात्रा एवं ट्रालियों की संख्या का आकलन किया जाए। इसके अनुसार केंद्रों पर तौल कांटों एवं हम्मालों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि उपार्जन कार्य समयबद्ध तरीके से संपन्न हो सके और किसानों को अनावश्यक प्रतीक्षा न करनी पड़े।

बैठक में प्रत्येक उपार्जन केंद्र की आवश्यकता के अनुसार बारदानों की मात्रा का आकलन कर उपार्जन प्रारंभ होने से पूर्व पर्याप्त भंडारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही सभी केंद्रों पर आवश्यक भौतिक संसाधनों एवं मानव संसाधनों की उपलब्धता भी समय रहते सुनिश्चित करने को निर्देश भी दिए गए। कलेक्टर श्री मिश्रा ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण की जाएं तथा उपार्जन कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही न हो।

बैठक के अंत में कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने निर्देश दिए कि उपार्जन की तैयारियों से संबंधित सभी बिंदुओं पर की गई कार्रवाई एवं प्रगति की आगामी सप्ताह में पुनः समीक्षा की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आगामी धान उपार्जन कार्य को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयपूर्व पूर्ण करना सुनिश्चित करें।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.