Type Here to Get Search Results !

स्कूलों के आसपास तंबाकू एवं नशीले पदार्थों की बिक्री पर सख्ती से रोक लगाएं

 स्कूलों के आसपास तंबाकू एवं नशीले पदार्थों की बिक्री पर सख्ती से रोक लगाएं : कलेक्टर सोमेश मिश्रा

जिला स्तरीय नारकोटिक्स समिति की बैठक संपन्न

एसडीएम एवं एसडीओपी अपने-अपने क्षेत्रों में चलाएं सघन जांच अभियान



नर्मदापुरम/14,अक्‍टूबर,2026/  जिला स्तरीय नारकोटिक्स समिति की बैठक कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में जिले में नशीले पदार्थों की बिक्री एवं उपयोग पर प्रभावी नियंत्रण, नशा मुक्ति अभियान के संचालन तथा युवाओं और विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने निर्देश दिए कि जिले में स्कूलों एवं शैक्षणिक संस्थानों के आसपास तंबाकू तथा अन्य नशीले पदार्थों की बिक्री पर सख्ती से रोक लगाई जाए। सभी अनुविभागों में संबंधित एसडीएम एवं एसडीओपी अपने-अपने क्षेत्रों में सघन जांच अभियान चलाएं तथा प्रतिबंधित नशीले पदार्थों की बिक्री एवं अवैध गतिविधियों पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें।

बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री साई कृष्ण एस. थोटा ने कहा कि अस्पतालों में नशे से संबंधित मामलों में आने वाले मरीजों की जानकारी एवं उनकी हिस्ट्री व्यवस्थित रूप से संकलित की जाए। इससे यह पता लगाने में सहायता मिलेगी कि मरीज किस प्रकार के नशे से प्रभावित है। इस जानकारी के आधार पर सिंथेटिक ड्रग्स एवं अन्य रासायनिक नशीले पदार्थों के उपयोग से जुड़े मामलों की पहचान करने तथा उनके स्रोतों का पता लगाकर संबंधित गतिविधियों पर कार्रवाई करने में मदद मिलेगी। उन्होंने नशा मुक्ति केंद्रों में आने वाले मरीजों का भी व्यवस्थित डेटा तैयार करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर श्री मिश्रा ने सभी अनुविभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में संचालित नशा मुक्ति केंद्रों की जानकारी प्राप्त करें। साथ ही, केंद्रों की संख्या, वहां भर्ती मरीजों की संख्या तथा उपलब्ध व्यवस्थाओं की जानकारी संकलित करें, ताकि नशा मुक्ति से संबंधित गतिविधियों की प्रभावी निगरानी की जा सके।

कलेक्टर ने जिलेभर में नशा मुक्ति अभियान संचालित करने के निर्देश देते हुए कहा कि सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें। यह सुनिश्चित किया जाए कि जिले में किसी भी स्तर पर सिंथेटिक ड्रग्स एवं अन्य प्रतिबंधित नशीले पदार्थों का अवैध विक्रय न हो। इसके लिए निगरानी व्यवस्था मजबूत करने के साथ ही संदिग्ध गतिविधियों पर सतत नजर रखी जाए और नियमानुसार कार्रवाई की जाए।

कलेक्टर श्री मिश्रा ने निर्देश दिए कि जिले के विद्यालयों एवं छात्रावासों में नियमित रूप से जागरूकता सत्र आयोजित किए जाएं। इन सत्रों के माध्यम से विद्यार्थियों को नशे के शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्परिणामों की जानकारी दी जाए। साथ ही, युवाओं को नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जाए।

फोटो संलग्‍न/

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.