Type Here to Get Search Results !

सीवरेज कार्यों में देरी पर कलेक्टर सख्त .रेस्टोरेशन वाले स्थानों का दोबारा सर्वे करने के निर्देश



सीवरेज कार्यों में देरी पर कलेक्टर सख्त, कार्य की गति बढ़ाने के दिए निर्देश

प्रोजेक्ट मैनेजर प्रत्येक सप्ताह जिले में रहकर प्रस्तुत करेंगे कार्यों की प्रगति रिपोर्ट,

रेस्टोरेशन वाले स्थानों का दोबारा सर्वे करने के निर्देश

नर्मदापुरम/31,अक्टूबर,2026/  कलेक्टर श्री आशीष वशिष्ठ ने शनिवार को कलेक्टर कार्यालय में आयोजित मध्यप्रदेश अर्बन डेवलपमेंट कंपनी (एमपीयूडीसी) की बैठक में जिले में संचालित सीवरेज परियोजना के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान सीवर लाइन बिछाने के कार्य में हो रहे विलंब एवं कार्यों की धीमी प्रगति पर कलेक्टर ने अप्रसन्नता व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसी को कार्य में तेजी लाने तथा प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

          कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने सीवर लाइन बिछाने के कार्य की अब तक की प्रगति, शेष कार्यों एवं परियोजना के अन्य प्रमुख घटकों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि सीवरेज परियोजना के प्रोजेक्ट मैनेजर प्रत्येक सप्ताह जिले में उपस्थित रहकर कार्यों की वास्तविक स्थिति से अवगत कराएं। वहीं प्रोजेक्ट हेड माह में दो बार मुख्यालय पर उपस्थित होकर परियोजना की प्रगति की समीक्षा करें। बैठक में समुचित तैयारी एवं परियोजना की अद्यतन जानकारी के अभाव पर कलेक्टर ने प्रोजेक्ट मैनेजर के प्रति नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने आगामी दो दिवस में सीवरेज परियोजना की विधिवत मैपिंग एवं कार्यों के प्लान डायग्राम सहित संपूर्ण जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

          कलेक्टर ने सीवर लाइन बिछाने के बाद ठेकेदार द्वारा किए जा रहे रेस्टोरेशन कार्य की गुणवत्ता पर असंतोष व्यक्त करते हुए निर्देशित किया कि जिन स्थानों पर रेस्टोरेशन का कार्य ठीक ढंग से नहीं किया गया है, कंपनी की टीम उन सभी स्थानों का पुनः निरीक्षण कर आवश्यक सुधार कार्य सुनिश्चित करे। उन्होंने कहा कि निर्माण एजेंसी अपनी कार्ययोजना में आवश्यक सुधार करते हुए कार्य की गति एवं गुणवत्ता दोनों पर विशेष ध्यान दे।

          कलेक्टर ने संयुक्त कलेक्टर एवं जिला परियोजना अधिकारी डूडा श्री नितिन टाले को निर्देश दिए कि प्रशासनिक स्तर पर भी एक टीम गठित कर सीवरेज कार्य के बाद किए गए रेस्टोरेशन का निरीक्षण कराया जाए। अधिकारियों द्वारा स्थलों का भौतिक सत्यापन कर कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए।

          बैठक में कलेक्टर ने एमपीयूडीसी के अधिकारियों एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी नर्मदापुरम को भारत सरकार के 'कॉल बिफोर यू डिग' एप्लीकेशन का अनिवार्य रूप से उपयोग करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन स्थानों पर खुदाई प्रस्तावित है, उनकी संपूर्ण जानकारी सीएमओ के साथ साझा की जाए। संबंधित स्थलों का समुचित निरीक्षण एवं आवश्यक समन्वय करने के बाद ही खुदाई की अनुमति दी जाए, ताकि अन्य भूमिगत सेवाओं को नुकसान न पहुंचे।

          कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने परियोजना के प्रत्येक घटक की प्रतिदिन प्रगति की मॉनिटरिंग करने तथा निर्धारित कार्ययोजना के अनुरूप कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री हिमांशु जैन सहित एमपीयूडीसी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। 

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.