मंत्री श्री कंषाना और मंत्री श्री शुक्ला ने ग्वालियर अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर ग्वालियर के समीप शीतला माता मंदिर पर हुए हादसे के बाद कृषि मंत्री श्री एदल सिंह कंषाना एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री श्री राकेश शुक्ला ने ग्वालियर में अस्पताल पहुंचकर घायल श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य का हाल जाना एवं चिकित्सकों से चर्चा कर सभी घायल श्रद्धालुओं का बेहतर इलाज करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही प्रशासनिक अधिकारियों से चर्चा कर घायलों के समुचित उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। उनके साथ क्षेत्रीय सांसद श्री भारत सिंह कुशवाह, जिला अध्यक्ष श्री जयप्रकाश राजौरिया, जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित थे।
मंत्री द्वय एवं सांसद ने जयारोग्य चिकित्सालय के ट्रॉमा सेंटर में पहुँचकर उपचाररत सभी घायलों के स्वास्थ्य की जानकारी ली और उनके परिजनों से चर्चा की। चिकित्सकों को घायलों के समुचित उपचार के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। उन्होंने घटना में मृत हुए लोगों के परिवारजनों के प्रति शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं।
ग्वालियर जिले के सातऊ स्थित शीतला माता मंदिर के मुख्य प्रवेश द्वार के पास शनिवार देर रात लगभग 1:30 बजे हुए दुःखद सड़क हादसे में 14 श्रद्धालुओं की मृत्यु हो गई, जबकि लगभग 42 श्रद्धालु घायल हुए हैं। दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल श्रद्धालुओं का जयारोग्य चिकित्सालय के ट्रामा सेंटर में विशेष उपचार किया जा रहा है। अन्य घायलों का भी उपचार जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आंतरी की ओर से आ रहा धान से भरा एक ट्रक अनियंत्रित होकर मंदिर के मुख्य प्रवेश द्वार से टकरा गया। इस दौरान प्रवेश द्वार के पास मौजूद श्रद्धालु ट्रक की चपेट में आ गए।
घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन एवं पुलिस की टीम द्वारा घायलों को एम्बुलेंस के माध्यम से तत्काल जयारोग्य चिकित्सालय, ग्वालियर के ट्रामा सेंटर पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने तेजी के साथ उनका उपचार प्रारंभ किया।
कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री धर्मवीर सिंह के साथ ट्रामा सेंटर पहुंचकर घायलों के उपचार की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने चिकित्सकों को सभी घायलों का बेहतर उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। गंभीर रूप से घायल श्रद्धालुओं के उपचार के लिए विशेष व्यवस्था भी कराई गई है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे में घायल लगभग 42 श्रद्धालुओं में से चिकित्सकों ने 14 को मृत घोषित किया है। करीब आठ गंभीर घायलों का ट्रामा सेंटर में विशेष उपचार किया जा रहा है। शेष घायलों का उपचार भी जारी है।
इस दुःखद दुर्घटना में श्रद्धालुओं की मृत्यु से क्षेत्र में शोक व्याप्त है। जिला प्रशासन द्वारा घायलों के बेहतर से बेहतर उपचार और आवश्यक व्यवस्थाओं पर ध्यान दिया जा रहा है।
