Type Here to Get Search Results !

अवैध खाद परिवहन और नकली उर्वरक के कारोबार पर मध्यप्रदेश पुलिस की प्रभावी कार्रवाई

 


अवैध खाद परिवहन और नकली उर्वरक के कारोबार पर मध्यप्रदेश पुलिस की प्रभावी कार्रवाई

विगत 2 दिनों में खंडवा एवं छतरपुर में 2,230 बोरी खाद जब्त

किसानों को गुणवत्तापूर्ण उर्वरक उपलब्ध कराने, खाद की कालाबाजारी एवं अवैध परिवहन पर अंकुश लगाने और नकली उर्वरक के कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई के उद्देश्य से मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा कृषि विभाग के साथ समन्वय कर कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में विगत दो दिनों में खंडवा एवं छतरपुर जिले में की गई दो महत्वपूर्ण कार्रवाइयों में कुल 2,230 बोरी खाद जब्त की गई है। इनमें खंडवा में अवैध रूप से परिवहन की जा रही 1,500 बोरी DAP खाद सहित तीन ट्रक तथा छतरपुर में 730 बोरी नकली उर्वरक खाद और परिवहन में प्रयुक्त लोडर वाहन जब्त किया गया है।

खंडवा: 1,500 बोरी DAP खाद सहित तीन ट्रक जब्त, कुल कीमत 50.25 लाख रुपये

25 अक्टूबर को खंडवा जिले के थाना खालवा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रिछड़ीखेड़ा में  कृषि विभाग तथा पुलिस की संयुक्त टीम ने महाराष्ट्र राज्य के पंजीयन नंबर वाले तीन ट्रकों की जांच की। तीनों ट्रकों में 500-500 बोरी के हिसाब से कुल 1,500 बोरी DAP खाद भरी हुई थी।

जांच के दौरान उपलब्ध ट्रांसपोर्ट परमिट से पता चला कि खाद महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले से धारणी स्थित दादाजी कृषि सेवा केन्द्र के पते पर भेजी जा रही थी, लेकिन निर्धारित गंतव्य के बजाय इसे खंडवा जिले के ग्राम रिछड़ीखेड़ा में परिवहन करते हुए पाया गया। मामले में कृषि विभाग के अधिकारी के प्रतिवेदन के आधार पर थाना खालवा में प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया गया है। खाद एवं तीनों ट्रकों सहित लगभग 50 लाख 25 हजार रुपये की सामग्री जब्त की गई है।

छतरपुर: 730 बोरी नकली उर्वरक बरामद, 17 लाख रुपये की सामग्री जब्त

जिले में थाना मातगुवां पुलिस को सागर-कानपुर नेशनल हाईवे पर खाद से भरे एक लोडर वाहन में नकली उर्वरक के परिवहन की सूचना मिली। पुलिस ने कुर्राहा तिराहे के पास वाहन को रोककर जांच की। चालक द्वारा परिवहन से संबंधित आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर कृषि विभाग को सूचना दी गई। कृषि विकास अधिकारी द्वारा खाद की जांच किए जाने पर उसके नकली होने की पुष्टि हुई।

पुलिस ने प्रारंभिक कार्रवाई में 80 बोरी नकली उर्वरक खाद और परिवहन में प्रयुक्त अशोक लीलैंड कंपनी का लोडर वाहन जब्त किया। पूछताछ के दौरान प्राप्त जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने छतरपुर नगर के नारायणपुरा रोड स्थित अमर मंडप गार्डन में जांच की, जहां से 650 बोरी नकली उर्वरक खाद बरामद हुई। इस प्रकार कुल 730 बोरी नकली खाद एवं लोडर वाहन सहित लगभग 17 लाख रुपये की सामग्री जब्त की गई।

मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा कृषि विभाग के साथ समन्वय कर की गई इन कार्रवाइयों से अवैध उर्वरक कारोबार पर अंकुश लगाने, संबंधित व्यक्तियों की भूमिका की जांच करने तथा किसानों के हितों की रक्षा के प्रयासों को मजबूती मिली है। दोनों प्रकरणों में विवेचना जारी है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.