Type Here to Get Search Results !

नरवाई जलाने की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए सर्विलांस बढ़ाया जाए

 स्वामित्व योजना के तहत सभी तहसीलों में पंजीयन बढ़ाएं, रजिस्ट्री इनिशिएटेड में विशेष ध्यान देते हुए पंजीयन करे: कलेक्टर आशीष वशिष्ठ

नरवाई जलाने की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए सर्विलांस बढ़ाया जाए, आवश्यकता पड़ने पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करें

अवैध पटाखा भंडारण पर रखें सतत निगरानी

कलेक्टर ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से की एसडीएम से चर्चा



नर्मदापुरम/03,नवंबर,2026/ कलेक्टर श्री आशीष वशिष्ठ ने मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी अनुविभागीय अधिकारियों (राजस्व) के साथ बैठक कर विभिन्न राजस्व प्रकरणों एवं विभागीय गतिविधियों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने स्वामित्व योजना, सीएम हेल्पलाइन, लोक सेवा गारंटी, धारणाधिकार, भूमि आवंटन, नरवाई प्रबंधन एवं पटाखा भंडारण सहित अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

कलेक्टर ने तहसीलवार स्वामित्व योजना के अंतर्गत पंजीयनों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि योजना में पंजीयन की संख्या बढ़ाने के लिए सभी तहसीलों में विशेष प्रयास किए जाएं। सभी तहसीलदार पटवारियों को कार्योन्मुख करें तथा उनकी नियमित प्रगति की समीक्षा सुनिश्चित करें। जिन हल्कों में पंजीयन की प्रगति कम है, वहां तहसीलदार स्वयं पहुंचकर कार्य में आ रही समस्याओं का आकलन करें और उनका निराकरण कराएं। उन्होंने रजिस्ट्री इनिशिएटेड पर विशेष ध्यान देने तथा प्रतिदिन अधिक से अधिक पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने कहा कि सभी राजस्व अधिकारी विभाग से संबंधित शिकायतों का प्राथमिकता से निराकरण करें तथा सीएम हेल्पलाइन में जिले की रैंकिंग एवं ग्रेडिंग में सुधार लाएं। लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत प्राप्त आवेदनों का निराकरण निर्धारित समय-सीमा में सुनिश्चित किया जाए। धारणाधिकार के लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए उन्होंने सभी एसडीएम को लंबितता समाप्त करने तथा प्रकरणों में आवश्यक प्रतिवेदन शीघ्र भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि धारणाधिकार के मामलों में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।

कलेक्टर ने भूमि आवंटन के लंबित प्रकरणों के निराकरण में भी तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राजस्व अधिकारी अभियान मोड में कार्य करते हुए लंबित मामलों का प्राथमिकता से निराकरण सुनिश्चित करें।

नरवाई प्रबंधन की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने कहा कि नरवाई जलाने की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए सभी अनुविभागों में ड्रोन सर्विलांस बढ़ाया जाए। साथ ही नरवाई प्रबंधन के लिए उपयोगी कृषि यंत्रों की उपलब्धता एवं तैनाती सतत रूप से सुनिश्चित की जाए, ताकि खेतों में नरवाई जलाने की घटनाओं में कमी लाई जा सके।

आगामी दीपावली पर्व को दृष्टिगत रखते हुए कलेक्टर ने जिले में पटाखों के भंडारण पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अवैध रूप से पटाखों का भंडारण करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए सामग्री जब्त की जाए। इस कार्य में सभी राजस्व अधिकारी विशेष संवेदनशीलता एवं सतर्कता बरतें।

कलेक्टर ने सभी एसडीएम को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने अनुविभागों में संचालित बड़े एवं महत्वपूर्ण निर्माण तथा विकास कार्यों की स्वयं समीक्षा करें। साथ ही समय-समय पर कार्यस्थलों पर पहुंचकर निरीक्षण करें और कार्यों की प्रगति एवं गुणवत्ता सुनिश्चित कराएं। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री हिमांशु जैन, अपर कलेक्टर श्री राजेश शुक्ला एवं संयुक्त कलेक्टर श्री नितिन टाले उपस्थित रहे। वहीं सभी एसडीएम एवं तहसीलदार वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.