Type Here to Get Search Results !

अनुकंपा नियुक्ति संकट की घड़ी में परिवारों को संबल प्रदान

 

अनुकंपा नियुक्ति संकट की घड़ी में परिवारों को संबल प्रदान करने का संवेदनशील माध्यम: जल संसाधन मंत्री श्री सिलावट

37 आश्रितों को प्रदान किए अनुकंपा नियुक्ति पत्र
वर्ष 2020 से अब तक विभाग में 391 परिवारों के सदस्यों को दी जा चुकी है अनुकंपा नियुक्ति



जल संसाधन मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट ने आज भोपाल स्थित अपने निवास कार्यालय में विभाग के दिवंगत शासकीय सेवकों के 37 आश्रितों को अनुकंपा नियुक्ति के आदेश प्रदान किए। इनमें सहायक वर्ग-3 के 23 तथा भृत्य के 14 पदों पर नियुक्तियां शामिल हैं।

मंत्री श्री सिलावट ने नवनियुक्त कर्मचारियों एवं उनके परिजनों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अनुकंपा नियुक्ति केवल एक शासकीय प्रक्रिया नहीं, बल्कि संकट की घड़ी में परिवारों को संबल प्रदान करने और उनके भविष्य को सुरक्षित बनाने का संवेदनशील माध्यम है। राज्य सरकार प्रत्येक ऐसे परिवार के साथ खड़ी है, जिसने अपने प्रियजन को खोया है। सरकार का प्रयास है कि दिवंगत शासकीय सेवकों के परिवारों को कठिन परिस्थितियों में आर्थिक एवं सामाजिक सुरक्षा प्रदान की जा सके।

मंत्री श्री सिलावट ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार संवेदनशीलता, मानवीय दृष्टिकोण और जनकल्याण की भावना के साथ कार्य कर रही है। अनुकंपा नियुक्ति के माध्यम से आश्रित परिवारों को आत्मनिर्भर बनाने तथा उन्हें सम्मानपूर्वक जीवनयापन का अवसर उपलब्ध कराने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। उन्होंने सभी नवनियुक्त कर्मचारियों से अपने दायित्वों का निष्ठा, ईमानदारी एवं समर्पण के साथ निर्वहन करने का आह्वान किया। मंत्री श्री सिलावट ने आश्वस्त किया कि सरकार आपके साथ है। किसी भी परिवार को विपरीत परिस्थितियों में अकेला महसूस नहीं होने दिया जाएगा। राज्य सरकार हर संभव सहयोग और संवेदनशीलता के साथ जरूरतमंद परिवारों के हित में कार्य करती रहेगी।

उल्लेखनीय है कि वर्ष 2020 से अब तक जल संसाधन विभाग में कुल 391 दिवंगत शासकीय सेवकों के आश्रित परिवारजनों को अनुकंपा नियुक्ति प्रदान की जा चुकी है। यह विभाग द्वारा परिवारों के प्रति संवेदनशीलता और उनके पुनर्वास के लिए किए जा रहे निरंतर प्रयासों को दर्शाता है। कार्यक्रम में मुख्य अभियंता श्री विनोद देवड़ा, अधीक्षण यंत्री (प्रशासन) श्री आशीष महाजन सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.