Type Here to Get Search Results !

जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक पहुँचाने में राजस्व अधिकारियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण

 

जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक पहुँचाने में राजस्व अधिकारियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण- मंत्री श्री वर्मा

नरोन्हा प्रशासन अकादमी में राजस्व संबंधी विषयों पर एक दिवसीय कार्यशाला संपन्न
उत्कृष्ट कार्य करने वाले तहसीलदार और पटवारी प्रशस्ति-पत्र से हुए सम्मानित



राजस्व मंत्री श्री करण सिंह वर्मा ने कहा है कि तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक और पटवारी राजस्व विभाग की रीढ़ है। शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक पहुँचाने में इनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। मंत्री श्री वर्मा आरसीवीपी नरोन्हा प्रशासन अकादमी में राजस्व संबंधी विभिन्न विषयों पर एक दिवसीय कार्यशाला को संबोधित कर रहे थे। 

मंत्री श्री वर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की मंशा और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश में मुख्यमंत्री रजिस्ट्री योजना का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है। इस योजना के तहत सरकार स्वयं रजिस्ट्री का व्यय वहन कर ग्रामीणों को निःशुल्क आवासीय भू-खंडों का मालिकाना हक प्रदान कर रही है। उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की, कि प्रदेश में अब तक लगभग 22 लाख 61 हजार से अधिक स्वामित्व रजिस्ट्रियां पूर्ण की जा चुकी हैं। इस वैधानिक दस्तावेज से ग्रामीणों को अब बैंकों से ऋण प्राप्त करने तथा पशुपालन व अन्य व्यवसाय शुरू कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने में बड़ी मदद मिल रही है।

मंत्री श्री वर्मा ने कहा कि राजस्व विभाग की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता लाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। विभाग में पदस्थापना और स्थानांतरण पारदर्शी प्रक्रिया से किए गए हैं। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से आह्वान किया कि कार्यालय में आने वाले प्रत्येक किसान और नागरिक के साथ विनम्र एवं आत्मीय व्यवहार करें। उन्होंने कहा कि ईमानदारी से कार्य करने वाले कर्मचारियों को सरकार पूरा संरक्षण और सम्मान देगी।

मंत्री श्री वर्मा ने कहा कि नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, त्रुटि सुधार और नक्शा दुरुस्तीकरण के प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में भूमि संबंधी विवाद समाप्त हो सकें। उन्होंने आश्वस्त किया कि राजस्व अमले की पदोन्नति और अन्य जायज मांगों के प्रति शासन पूरी तरह संवेदनशील है।

समारोह में राजस्व मंत्री श्री वर्मा ने स्वामित्व योजना और राजस्व कार्यों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले तहसीलदारों और पटवारियों को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। मंत्री श्री वर्मा ने कार्यशाला का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन कर किया। कार्यशाला के तकनीकी सत्रों में राजस्व प्रकरणों के त्वरित निराकरण के उद्देश्य से नामांतरण, बंटवारा और त्रुटि सुधार विषयों पर विशेष व्याख्यान आयोजित किया गए। इसके पश्चात स्वामित्व पंजीयन की प्रक्रिया और तकनीकी पहलुओं पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया गया।

कार्यशाला में प्रमुख सचिव राजस्व डॉ. ई. रमेश कुमार, महानिरीक्षक पंजीयन श्री आलोक कुमार सिंह, प्रमुख राजस्व आयुक्त एवं आयुक्त भू-अभिलेख सुश्री निधि निवेदिता सहित वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक और पटवारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.