Type Here to Get Search Results !

कलेक्टर श्री आशीष वशिष्ठ ने जनशिक्षकों की बैठक लेकर विभागीय गतिविधियों की समीक्षा की

 कलेक्टर श्री आशीष वशिष्ठ ने जनशिक्षकों की बैठक लेकर विभागीय गतिविधियों की समीक्षा की



नर्मदापुरम/16,नवम्‍बर,2026/ कलेक्टर श्री आशीष वशिष्ठ ने शिक्षा विभाग अंतर्गत जिले के समस्त जनशिक्षकों की बैठक लेकर विभागीय गतिविधियों एवं शैक्षणिक कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में उन्होंने विभिन्न योजनाओं एवं कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए लंबित कार्यों को प्राथमिकता के साथ समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने शिक्षक प्रोफाइल अंतर्गत शिक्षकों की आईडी सर्टिफिकेशन से संबंधित समस्त लंबित प्रकरणों में शीघ्र प्रोफाइल अपडेट कराने के निर्देश दिए। इसी प्रकार यूडाइस पोर्टल पर विद्यार्थियों की प्रोफाइल अपडेट करने के लंबित मामलों में भी त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए भी निर्देशित किया। उन्होंने निर्देशित किया कि प्रोफाइल अपडेशन के लिए व्यवस्थित रूप से विशेष शिविर आयोजित किए जाएं तथा सूक्ष्म समीक्षा के आधार पर प्रतिदिन का लक्ष्य निर्धारित कर कार्य पूर्ण कराया जाए। इसके लिए स्पष्ट कार्ययोजना तैयार कर उसका प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। साथ ही विद्यार्थियों के एमबीयू अपडेट के साथ-साथ समानांतर रूप से अपार आईडी निर्माण की कार्यवाही भी संचालित करने को कहा।

कलेक्टर ने प्रशस्त पोर्टल के माध्यम से दिव्यांग विद्यार्थियों की पहचान के लिए की जाने वाली स्क्रीनिंग प्रक्रिया में विशेष संवेदनशीलता एवं सावधानी बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दिव्यांग विद्यार्थियों की पहचान अत्यंत संवेदनशील विषय है, इसलिए इस कार्य को पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ किया जाए। समस्त जनशिक्षक स्वयं रैंडम सर्वे फॉर्म भरवाने की प्रक्रिया की निगरानी करें तथा विद्यालयों में शिक्षकों को इस संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दें। आवश्यकता अनुसार संबंधित शिक्षकों को प्रशिक्षण भी उपलब्ध कराया जाए, ताकि स्क्रीनिंग की प्रक्रिया सही एवं प्रभावी तरीके से संपन्न हो सके।

बैठक में कलेक्टर ने छात्रावासों के संचालन की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि सभी जनशिक्षक समय-समय पर छात्रावासों का निरीक्षण करें तथा वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं, विद्यार्थियों को दी जा रही सुविधाओं एवं संचालन की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दें। उन्होंने निरीक्षण की प्रक्रिया को जवाबदेहीपूर्ण एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से किए जाने के निर्देश दिए।

बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री हिमांशु जैन, जिला शिक्षा अधिकारी श्री एल.एन. प्रजापति सहित शिक्षा विभाग के अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.