Type Here to Get Search Results !

500 दिवस से अधिक लंबित सीएम हेल्पलाइन शिकायतों का एक सप्ताह में करें निराकरण

 



फील्ड में सक्रियता बढ़ाएं जिला अधिकारी, शासकीय संस्थाओं और कार्यों का सूक्ष्मता से करें निरीक्षण

500 दिवस से अधिक लंबित सीएम हेल्पलाइन शिकायतों का एक सप्ताह में करें निराकरण

कलेक्टर ने समय-सीमा बैठक में विभागीय कार्यों की समीक्षा कर अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

नर्मदापुरम/16,नवम्‍बर,2026/ सोमवार को कलेक्टर श्री आशीष वशिष्ठ ने कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा की बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से शासकीय योजनाओं एवं प्राथमिकता वाले कार्यों का क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में कलेक्टर ने वृंदावन ग्राम योजना की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि जिले के चारों विधानसभा क्षेत्रों में निर्धारित वृंदावन ग्रामों में गौशाला निर्माण के लिए भूमि का शीघ्र चिन्हांकन किया जाए, ताकि परियोजना का कार्य जल्द प्रारंभ हो सके। उन्होंने कहा कि जिन ग्रामों में भूमि चिन्हांकन की प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है, वहां आगामी कार्यवाही तत्काल प्रस्तावित की जाए। वहीं, जिन ग्रामों में भूमि चिन्हांकन शेष है, वहां ग्राम के समीपस्थ उपयुक्त स्थान पर भूमि चिन्हित कर कार्य प्रारंभ किया जाए। इसी प्रकार स्वावलंबी गौशालाओं के लिए आवंटित भूमि के प्रस्ताव जिला स्तर पर प्रेषित कर उनका शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने विभागीय पदोन्नति के संबंध में निर्देश दिए कि जिन विभागों में डीपीसी की बैठकें लंबित नहीं हैं, वे इस आशय का प्रमाण पत्र प्रस्तुत करें। जिन विभागों में डीपीसी की कार्यवाही शेष है, वे इसे शीघ्र पूर्ण कराएं। इसी प्रकार अनुकंपा नियुक्ति के प्रकरणों में कोई मामला लंबित नहीं होने संबंधी प्रमाण पत्र भी प्रस्तुत करने के निर्देश दिए, ताकि शासन स्तर पर वास्तविक स्थिति से अवगत कराया जा सके।

महिला एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत प्रस्तावित आंगनबाड़ी भवनों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने निर्देश दिए कि जिन स्थानों पर निर्माण के लिए भूमि चिन्हित की जा चुकी है, वहां तत्काल निर्माण कार्य प्रारंभ कराया जाए। जिन स्थानों पर भूमि आवंटन की कार्यवाही लंबित है, वहां राजस्व विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर शीघ्र भूमि आवंटित कराई जाए। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत भूमिहीन हितग्राहियों को आवासीय पट्टे उपलब्ध कराने के लिए भी राजस्व विभाग को आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी विभाग में 500 दिवस से अधिक की कोई शिकायत लंबित नहीं रहनी चाहिए। ऐसी सभी शिकायतों का आगामी एक सप्ताह में निराकरण सुनिश्चित किया जाए। निर्धारित समयावधि में शिकायतों का निराकरण नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस (एससीएन) जारी किए जाएंगे।

उन्होंने सभी राजस्व अधिकारियों को विशेष रूप से निर्देशित किया कि सीएम हेल्पलाइन के राजस्व संबंधी मामलों तथा सीमांकन के लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता से निराकरण करें।

कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सभी विभाग न्यायालयीन प्रकरणों के लिए सीएमटीएस पोर्टल पर अधिकारी प्रभारी (ओआईसी) नियुक्त करें। भविष्य में सभी न्यायालयीन प्रकरणों की मॉनिटरिंग सीएमटीएस पोर्टल के माध्यम से ही सुनिश्चित की जाए, ताकि प्रकरणों की अद्यतन स्थिति पर प्रभावी निगरानी रखी जा सके।

कलेक्टर ने जिला अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रदेश स्तर पर किए जाने वाले विभागीय पत्राचार की निरंतर मॉनिटरिंग करें तथा प्रत्येक पत्राचार पर नियमित फॉलोअप लेकर उसकी वस्तुस्थिति से अवगत रहें। उन्होंने कहा कि किसी भी निर्माण कार्य के लिए भूमि आवंटन संबंधी प्रक्रिया वेब जीआईएस के माध्यम से ही की जाए।

कलेक्टर ने सभी जिला अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे सप्ताह में कम से कम तीन दिन अनिवार्य रूप से फील्ड विजिट करें। इस दौरान अपने अधीनस्थ कार्यालयों एवं शासकीय संस्थाओं का सूक्ष्मता से निरीक्षण करें तथा व्यवस्थाओं एवं विभागीय कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करें।

कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप कार्यों को समय-सीमा में पूर्ण करें तथा लंबित प्रकरणों के निराकरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतें।

बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री हिमांशु जैन, अपर कलेक्टर श्री राजेश शुक्ला सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.