Type Here to Get Search Results !

बांद्राभान मेले की तैयारियों को लेकर कलेक्टर एवं एसपी ने किया स्थल निरीक्षण

  



बांद्राभान मेले की तैयारियों को लेकर कलेक्टर एवं एसपी ने किया स्थल निरीक्षण

सड़क मरम्मत, पेयजल, स्वच्छता, विद्युत सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश



नर्मदापुरम/16,नवम्‍बर,2026/ प्रतिवर्ष नर्मदा एवं तवा नदी के संगम स्थल बांद्राभान में आयोजित होने वाले बांद्राभान मेले की तैयारियों को लेकर कलेक्टर श्री आशीष वशिष्ठ एवं पुलिस अधीक्षक श्री दीपक कुमार शुक्ला ने मेला स्थल का निरीक्षण किया। जिला मुख्यालय से लगभग 8 किलोमीटर दूर स्थित बांद्राभान पहुंचकर उन्होंने मेले के दौरान श्रद्धालुओं एवं आमजन की सुविधा, सुरक्षा तथा आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को समय-सीमा में सभी तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने मेला स्थल तक पहुंचने वाले मार्गों की मरम्मत कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मेला स्थल तक जाने वाले मार्ग पर मुरम एवं बजरी डालकर मरम्मत कराई जाए तथा बांद्राभान के मुख्य मार्ग को भी मेले से पूर्व दुरुस्त किया जाए। इसके लिए खनिज विभाग को गुणवत्तापूर्ण तरीके से सड़क मरम्मत का कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

पेयजल व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (पीएचई) विभाग को मेले में स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पेयजल की गुणवत्ता की नियमित जांच के लिए विशेष दल गठित किया जाए, जो संपूर्ण मेला अवधि के दौरान निरंतर पानी की जांच करे।

कलेक्टर ने मेला स्थल पर स्वच्छता व्यवस्था को प्राथमिकता देने के निर्देश देते हुए कहा कि मेले में पर्याप्त संख्या में कचरा संग्रहण वाहन उपलब्ध कराए जाएं। इसके लिए समीपस्थ नगरीय निकायों से कचरा संग्रहण वाहन बुलाकर नियमित रूप से कचरे का उठाव सुनिश्चित किया जाए।

मेले में लगने वाले झूलों की सुरक्षा के संबंध में कलेक्टर ने लोक निर्माण विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों को संयुक्त रूप से झूलों का परीक्षण करने तथा सुरक्षा संबंधी प्रमाण पत्र जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्युत कनेक्शन एवं विद्युत सुरक्षा के लिए फायर एंड इलेक्ट्रिकल सेफ्टी विभाग से आवश्यक सुरक्षा प्रमाणन सुनिश्चित कराने को भी कहा।

इसके साथ ही मेले के दौरान सुचारू यातायात व्यवस्था बनाए रखने तथा निर्धारित पार्किंग स्थलों का समुचित प्रबंधन एवं नियमित पर्यवेक्षण करने के निर्देश यातायात विभाग को दिए।

पुलिस अधीक्षक श्री दीपक कुमार शुक्ला ने सुरक्षा व्यवस्थाओं के संबंध में निर्देश दिए कि मेला स्थल पर संचालित प्रत्येक दुकान में फायर एक्सटिंग्विशर की व्यवस्था अनिवार्य रूप से की जाए। विशेषकर खाद्य सामग्री की दुकानों पर अग्निशमन यंत्र की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने मेला स्थल के समीप फायर ब्रिगेड की गाड़ियों की तैनाती करने तथा संपूर्ण मेला अवधि के दौरान ड्राइवर एवं अग्निशमन दल की सतत उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके।

निरीक्षण के दौरान जनपद पंचायत अध्यक्ष श्री भूपेंद्र चौकसे, जिला पंचायत सीईओ श्री हिमांशु जैन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.