Type Here to Get Search Results !

महिला वन्यजीव गाइड प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ

सतपुड़ा टाइगर रिजर्व में सात दिवसीय महिला वन्यजीव गाइड प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ


नर्मदापुरम/25,नवम्‍बर,2026/ सतपुड़ा टाइगर रिजर्व में मढ़ईं एवम पचमढ़ी की तर्ज पर चुरना मल्लूपुरा एवम कपिलधारा जोन के लिए महिला सशक्तिकरण के उद्देश्य से विस्थापित ग्रामों की 10 महिला गाइडों का लिखित परीक्षा के माध्यम से चयन किया गया तथा वन्यजीव पर्यटन में उनकी भागीदारी बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए सात दिवसीय महिला वन्यजीव गाइड प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ मंगलवार को वन परिक्षेत्र चूरना के भीमकुंड पर्यटन द्वार स्थित तवा सभागार में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मध्यप्रदेश शासन, वन विभाग के प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वन बल प्रमुख श्री शुभरंजन सेन द्वारा किया गया। इस अवसर पर मुख्य वन संरक्षक, नर्मदापुरम, क्षेत्र संचालक एवं उप संचालक, सतपुड़ा टाइगर रिजर्व तथा सहायक संचालक, इटारसी सहित वन विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

24 नवम्‍बर से 30 नवंबर 2026 तक आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में भीमकुंड पर्यटन द्वार से संबद्ध 10 महिला वन्यजीव गाइडों को प्रशिक्षित किया जा रहा है। प्रशिक्षण का उद्देश्य महिलाओं को वन्यजीव, जैव विविधता, वन संरक्षण एवं जिम्मेदार पर्यटन के क्षेत्र में आवश्यक ज्ञान और व्यावहारिक कौशल प्रदान कर दक्ष एवं पेशेवर वन्यजीव गाइड के रूप में विकसित करना है।

प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को सतपुड़ा के प्रमुख वन्यजीवों, पक्षियों, तितलियों, स्थानीय वनस्पतियों, घास एवं लेग्यूम्स की पहचान, वन्यजीवों के व्यवहार, जंगल सफारी संचालन, पर्यटकों से संवाद, नैतिक वन्यजीव अवलोकन तथा मानव-वन्यजीव सह-अस्तित्व संबंधी विषयों पर प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त चूरना एवं मल्लूपुरा पर्यटन जोन में फील्ड विजिट के माध्यम से व्यावहारिक अनुभव भी प्रदान किया जाएगा।

कार्यक्रम में प्राथमिक उपचार, आपातकालीन परिस्थितियों का प्रबंधन, व्यक्तिगत सुरक्षा तथा MSTrIPES मोबाइल एप्लीकेशन के माध्यम से वन्यजीव मॉनिटरिंग एवं डिजिटल रिपोर्टिंग का प्रशिक्षण भी शामिल है।

यह पहल स्थानीय महिलाओं के कौशल विकास एवं आजीविका के अवसरों को बढ़ावा देने के साथ वन्यजीव पर्यटन में उनकी सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। प्रशिक्षित महिला गाइड पर्यटकों को सतपुड़ा की समृद्ध प्राकृतिक एवं जैव विविधता से परिचित कराने के साथ वन संरक्षण और जिम्मेदार पर्यटन के प्रति जागरूकता बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।

इसके अतिरिक्त, कार्यक्रम के दौरान उपस्थित वरिष्ठ वन अधिकारियों द्वारा मल्लूपुरा क्षेत्र में तवा जलाशय की सुरक्षा एवं वन्यजीव संरक्षण संबंधी गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से नवीन मोटर बोट के संचालन का शुभारंभ भी किया गया। इससे जलाशय क्षेत्र में निगरानी व्यवस्था सुदृढ़ करने तथा संरक्षण संबंधी कार्यों के प्रभावी क्रियान्वयन में सहायता मिलेगी। 

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.