बसंत पंचमी पर खेड़ापति माता मठ में 60 वर्ष बाद भव्य भंडारे का आयोजन
भोपाल 24/1/2026 (दयाराम कुशवाहा )पिपरिया (नर्मदापुरम)
बसंत पंचमी के पावन अवसर पर नर्मदापुरम जिले की पिपरिया तहसील स्थित खेड़ापति माता मठ मंदिर परिसर में भव्य भंडारे का आयोजन किया गया। मां खेड़ापति के आशीर्वाद से यह भंडारा लगभग 60 वर्षों बाद पुनः आयोजित किया गया, जिससे क्षेत्र में धार्मिक उल्लास और श्रद्धा का वातावरण देखने को मिला।
भंडारे में पिपरिया नगर के प्रतिष्ठित राजनीतिक प्रतिनिधियों, समाजसेवकों एवं विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की। सभी ने महाप्रसाद ग्रहण कर मां खेड़ापति का आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस आयोजन को सफल बनाने में खेड़ापति मठ मंदिर समिति की महिला अध्यक्ष श्रीमती माया पटेल एवं योगेश मुरलीवार का विशेष योगदान रहा। साथ ही पिपरिया नगर के सकल हिंदू समाज के लोगों ने भी कार्यक्रम की सफलता में सक्रिय सहयोग प्रदान किया।
इस अवसर पर श्रीमती माया पटेल ने बताया कि वे बचपन से ही मां भगवती की सेवा कर रही हैं और उन्हें सेवा कार्यों के लिए मां की स्वप्रेरणा प्राप्त होती है। उनका कहना है कि मां भगवती की कृपा से अनेक भक्तों को कष्टों से मुक्ति मिली है। मां की आराधना उनका नित्य नियम है और इसी आत्मविश्वास के बल पर इतना बड़ा धार्मिक आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हो सका।
कार्यक्रम में पिपरिया विधायक माननीय ठाकुरदास नागवंशी, खेड़ापति मठ मंदिर अध्यक्ष रघुराज वर्मा, बीजेपी पिपरिया मंडल अध्यक्ष सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

