डोडा हादसा | सड़क दुर्घटना में शहीद जवानों को पचमढ़ी रोड स्थित संकल्प क्लासेज में दी श्रद्धांजलि
नर्मदापुरम् 24/1/206(छगन कुशवाहा पिपरिया) नर्मदापुरम्प पिपरिया,
जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में शहीद हुए भारतीय सेना के जवानों को पचमढ़ी रोड स्थित संकल्प क्लासेज में भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। इस अवसर पर पूर्व सैनिकों, समाजसेवियों एवं विद्यार्थियों ने दो मिनट का मौन रखकर शहीदों को नमन किया और उनके बलिदान को याद किया।
उल्लेखनीय है कि दो दिन पूर्व जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले के भद्रवाह-चांबा मार्ग स्थित खानी टॉप क्षेत्र में सेना का एक बुलेट प्रूफ वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। वाहन में कुल 17 जवान सवार थे, जो ऊंचाई वाले पोस्ट की ओर जा रहे थे। इसी दौरान चालक द्वारा नियंत्रण खो देने से वाहन लगभग 200 फीट गहरी खाई में गिर गया। हादसे में 10 जवान शहीद हो गए, जबकि अन्य जवान गंभीर रूप से घायल हो गए।
दुर्घटना के तुरंत बाद सेना और स्थानीय पुलिस द्वारा संयुक्त रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद एयरलिफ्ट कर उधमपुर स्थित सैन्य अस्पताल में भर्ती कराया गया। शहीद जवान आतंकवाद विरोधी अभियान में तैनात राष्ट्रीय राइफल्स की चौथी बटालियन के बताए गए हैं।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में पूर्व सैनिक एसोसिएशन के उपाध्यक्ष केशर सिंह चौधरी, बलराम पाटर, साहब सिंह कहार, चरण सिंह रघुवंशी, हीरालाल अहिरवार, उमेश साहू, तुलसीराम अहिरवार, सेवानिवृत्त शिक्षक एम.एल. नायक एवं विनोद कुमार शर्मा, गिरधर आडवाणी सहित संकल्प फाउंडेशन के विद्यार्थी मौजूद रहे। सभी ने शहीद जवानों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए उनके परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की।




