नर्मदापुरम में 25वें योग काउंटडाउन कार्यक्रम का सफल आयोजन, 681 लोगों ने किया सामूहिक योगाभ्यास
नर्मदापुरम अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 21 जून 2026 की तैयारियों के तहत आयुष विभाग नर्मदापुरम द्वारा बुधवार को 25वें काउंटडाउन कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। “घर-घर योग, हर व्यक्ति निरोग” अभियान के अंतर्गत जिले की समस्त आयुष संस्थाओं ने इस कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
भारत सरकार, आयुष मंत्रालय द्वारा मध्यप्रदेश के खजुराहो में 25वें काउंटडाउन का मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मध्यप्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री द्वारा वर्चुअल माध्यम से किया गया। इस अवसर पर केंद्रीय आयुष राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), मध्यप्रदेश के आयुष मंत्री, सांसद सहित अन्य विशिष्ट अतिथि भी उपस्थित रहे।
आयुष संचालनालय भोपाल के निर्देश एवं जिला आयुष अधिकारी डॉ. श्रीराम करोंजिया के मार्गदर्शन में नर्मदापुरम जिले की सभी आयुष संस्थाएं ऑनलाइन माध्यम से खजुराहो के मुख्य कार्यक्रम से जुड़ीं। जिले भर में सामूहिक योगाभ्यास का आयोजन हुआ जिसमें कुल 681 लाभार्थियों ने भाग लेकर योग किया।
इस मौके पर जिला आयुष अधिकारी डॉ. श्रीराम करोंजिया ने कहा कि योग को जन-जन तक पहुंचाने के लिए “घर-घर योग, हर व्यक्ति निरोग” अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि अधिक से अधिक संख्या में इस अभियान से जुड़ें और योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाएं। डॉ. करोंजिया ने कहा कि नियमित योगाभ्यास से न केवल शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य बेहतर होता है, बल्कि 21 जून 2026 को होने वाले अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के सफल आयोजन में नर्मदापुरम जिले की भागीदारी भी सुनिश्चित होगी।