शेखून ढाबा के पास पुलिस की घेराबंदी, स्कूटी से 350 क्वार्टर शराब जब्त
नर्मदापुरम् पिपरिया 22/5/2026
( छगन कुशवाहा )
पिपरिया। अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत स्टेशन रोड थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी स्कूटी से अवैध शराब की खेप ले जा रहा था। पुलिस ने उसके कब्जे से 350 क्वार्टर देशी प्लेन शराब और वाहन जब्त किया है।
पुलिस के मुताबिक मुखबिर से सूचना मिली थी कि डोकरीखेड़ा क्षेत्र स्थित शेखून ढाबा के पास एक व्यक्ति अवैध शराब का परिवहन कर रहा है। सूचना पर थाना स्टेशन रोड पुलिस ने घेराबंदी कर कार्रवाई की। इस दौरान नीले रंग की TVS जुपिटर स्कूटी क्रमांक MP05ZA2507 पर दो सफेद बोरियों में शराब ले जाते आरोपी महेश कोरी (35) निवासी गांधी वार्ड, पिपरिया को पकड़ा गया।
तलाशी लेने पर स्कूटी से देशी मदिरा प्लेन के 350 क्वार्टर बरामद हुए, जिनकी कुल मात्रा 63 लीटर बताई गई है। जब्त शराब की कीमत करीब 35 हजार रुपए और स्कूटी की कीमत करीब 65 हजार रुपए आंकी गई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कार्रवाई में थाना प्रभारी आदित्य सेन, उपनिरीक्षक अमित सिंह भारद्वाज, प्रधान आरक्षक रवीश बोहरे, आरक्षक प्रेमशंकर शिल्पी, महिला आरक्षक शिवानी कौरव सहित थाना स्टाफ की भूमिका रही।
