सभी जिलों में उद्योगों एवं फूड प्रोसेसिंग को प्राथमिकता से बढ़ावा मिले, इसके लिए कलेक्टर्स सभी हर संभव प्रयास करें - मुख्य सचिव श्री अनुराग जैन
जनजातीय वर्गों से सतत् संपर्क कर उन्हें टंट्या मामा एवं बिरसा मुंडा योजना का लाभ दिलाया जाए
सभी कलेक्टर जिलों में पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करें
सभी कलेक्टर जनसुनवाई एवं सीएम हेल्पलाइन को सर्वोच्च प्राथमिकता में रखते हुए हितग्राहियों की समस्याओं का निराकरण करें
मुख्य सचिव ने विभिन्न योजनाओं की अदयतन प्रगति की समीक्षा की
नर्मदापुरम/27,मई,2026/ प्रदेश के मुख्य सचिव श्री अनुराग जैन ने प्रदेश के सभी जिलों के कलेक्टर्स को निर्देश दिए कि वह अपने-अपने जिले में विभिन्न उद्योगों एवं फूड प्रोसेसिंग को बढ़ावा देते हुए बैंक फाइनेंस की सुविधा का विस्तार करते हुए उद्योगों का इंफ्रास्ट्रक्चर खड़ा करें एवं फूड प्रोसेसिंग तथा उद्योगों के लिए पर्याप्त बिजली पानी एवं सड़क की सुविधा उपलब्ध कराए। उद्योगों एवं फूड प्रोसेसिंग को बढ़ावा देने से जिले की अर्थव्यवस्था तेजी से ग्रोथ करेगी। उन्होंने एक जिला एक उत्पादन पर विशेष रूप से फोकस करने के निर्देश देते हुए कहां की सभी जिले अपने उत्पादनों कि जीआईएस ट्रैकिंग अनिवार्य रूप से करें साथ ही जिले के प्रोडक्ट को बढ़ावा देते हुए प्रोडक्ट की उत्पादन क्षमता को बढ़ाते हुए उत्पादनो की पैकेजिंग पर भी विशेष रूप से कार्य करें, मुख्य सचिव ने कहा कि किसानों को प्रेरित किया जाए कि वे यदि गेहूं की बजाय गेहूं के मैदा या आटा बनाकर विक्रय करे तो किसानों को अतिरिक्त लाभ होगा। मुख्य सचिव ने निर्देश दिए की जो जमीन उद्योग धंधों के लिए दी गई है उस जमीन पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण न हो, साथ ही उन्होंने निर्देश दिए की उद्योगो की स्थापना के लिए यदि शासकीय भूमि की आवश्यकता पड़ती है तो प्राथमिकता से शासकीय भूमि उपलब्ध कराई जाए। उल्लेखनीय है की मुख्य सचिव श्री अनुराग जैन बुधवार को प्रदेश के सभी संभाग के संभाग आयुक्त एवं समस्त जिलों के कलेक्टर्स को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबोधित कर रहे थे। उन्होंने विभिन्न योजनाओं की अदयतन प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान मुख्य सचिव श्री जैन ने समस्त कलेक्टर्स को निर्देश दिए कि वह जनजातीय वर्ग को शासन की टंट्या मामा योजना एवं बिरसा मुंडा योजना का लाभ दिलाने के लिए सतत संपर्क कर उन्हें इन योजनाओं का लाभ दिलाते हुए लक्ष्य में शत प्रतिशत प्रगति लाए।
भीषण गर्मी को मद्देनजर रखते हुए मुख्य सचिव में सभी कलेक्टर को निर्देश दिए की वह अपने अपने जिले में पेयजल आपूर्ति की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करें, कहीं भी पेयजल को लेकर अप्रिय स्थिति निर्मित न होने पाए। उन्होंने पेयजल की उपलब्धता की अग्रिम तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, साथ ही उन्होंने कहा कि आगामी माह में बारिश की संभावनाओं को देखते हुए गेहूं एवं अन्य उपज को सुरक्षित रखने हेतु वेयरहाउस एवं मंडियो में तिरपाल की व्यवस्था सुनिश्चित करें, संभावित बाढ एवं बारिश से निपटने के लिए एवं आम जनों को राहत देने के लिए शिविर, आवश्यक औषधीय एवं खाद्य पदार्थों की उपलब्धता सुनिश्चित करें। साथ ही सभी कलेक्टर्स प्रतिदिन गेहूं खरीदी परिवहन एवं भंडारण तथा कृषकों के भुगतान की स्थिति की समीक्षा करें। इस दौरान उन्होंने अवैध खनिज के उत्खनन परिवहन और भंडारण पर भी सख्ती से कार्रवाई करने के निर्देश दिए। मुख्य सचिव ने नजूल पट्टों के नवीनीकरण की अदयतन स्थिति की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए की जिन पटटो की लीज खत्म हो गई है उन पट्टों का नवीनीकरण प्राथमिकता से करते हुए राजस्व संग्रहण को बढ़ाया जाए। नजूल लीज नवीनीकरण से जमीन के रिकॉर्ड भी अपडेट रहेंगे, नर्मदापुरम कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने बताया कि आगामी दो माह में अभियान चलाकर शेष रह गए नजूल पट्टों के नवीनीकरण का कार्य प्राथमिकता से किया जाएगा।
मुख्य सचिव ने समस्त कलेक्टर को निर्देश दिए कि वह जनसुनवाई और सीएम हेल्पलाइन को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए हितग्राहियों की समस्याओं का मौके पर ही निराकरण करें। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई और सीएम हेल्पलाइन मध्य प्रदेश शासन की संवेदनशीलता को दिखाते हैं अतः सभी कलेक्टर संवेदनशीलता से शिकायत एवं समस्याओं का निराकरण कर हितग्राहियों को राहत प्रदान करें। उन्होंने लोक सेवा गारंटी के तहत प्राप्त जन्म प्रमाण पत्र एवं स्थाई निवासी प्रमाण पत्र के आवेदनों का निराकरण 1 दिन में ही करने के निर्देश दिए। उन्होंने इस बात पर सख्त नाराजगी व्यक्त की की समय पर लोगों के जन्म प्रमाण पत्र एवं स्थाई निवासी प्रमाण पत्र नहीं बन पा रहे हैं। मुख्य सचिव ने कहा कि जो व्यक्ति पात्रता रखता है उसे अनावश्यक रूप से भटकाया ना जाए।
मुख्य सचिव ने खाद वितरण की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए की किसानों को डीएपी के साथ एनपीके के टोकन भी दिए जाएं। खाद वितरण में किसी भी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न होने पाए। उन्होंने कहा कि जिन किसानों की फार्मर आईडी अभी तक नहीं बन पाई है उन किसानों की फार्मर आईडी प्राथमिकता से बनाई जाए। उन्होंने कहा कि नरवाई जलाने की घटनाओं को रोकने के सभी आवश्यक उपाय सुनिश्चित किए जाएं। मुख्य सचिव ने पशुपालन एवं डेयरी विकास अंतर्गत पशुओं के नस्ल सुधार हेतु कृत्रिम गर्भाधान पर विशेष ध्यान देने के निर्देश देते हुए कहां की सटिड सेक्स सीमन के उपयोग को बढ़ावा देते हुए उन्नत नस्ल के पशु प्रजनन को बढ़ावा मिले, उन्होंने पशुओं में शत प्रतिशत वैक्सीनेशन करने के निर्देश देते हुए कहां की सड़कों पर विचरण करने वाले निराश्रित पशुओं को गौशालाओं में स्थानांतरित किया जाए। मुख्य सचिव ने मत्स्य विभाग की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए की सभी जिलों में जिन तालाबो एवं सरोवरों में मछली पालन किया जा रहा है, उन तालाबों एवं सरोवरों में निगरानी हेतु एक नोडल अधिकारी की नियुक्ति की जाए, उन्होंने कहा कि इससे मछली उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा और परिणाम बेहतर आएंगे। मुख्य सचिव ने तालाबों के आसपास इंफ्रास्ट्रक्चर बेहतर रूप से बनाने के निर्देश दिए।
डॉग बाइट की बढ़ती हुई घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि डॉग बाइट के शिकार व्यक्तियों के लिए अस्पताल में पृथक से एक वार्ड बनाया जाए और वहा पिडित व्यक्तियों का समुचित उपचार किया जाए। उन्होंने प्रधानमंत्री स्वनिधी योजना में देश में मध्य प्रदेश को प्रथम स्थान प्राप्त होने पर उसकी सराहना करते हुए निर्देश दिए कि इस योजना के तहत छोटे-छोटे दुकानदारों के व्यवसाय को बढ़ावा दिया जाए उन्हें छोटे-छोटे बैंक लोन उपलब्ध कराया जाए। मुख्य सचिव ने बताया कि सुशासन के अंतर्गत सभी जिलों में राजस्व प्रकरणों के निराकरण के लिए राजस्व कोर्ट की स्थापना की गई है। मुख्य सचिव ने कहा कि इन राजस्व कोर्ट में नामांतरण बंटवारा सीमांकन आदि के प्रकरण समय सीमा में निराकृत किए जाएं। प्रदेश की कानून एवं व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा करते हुए मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि आगामी बकरी ईद के त्योहार पर सभी जिलों में कानून व्यवस्था की स्थिति चाक चौबंद रहे।
मुख्य सचिव की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान नर्मदापुरम संभाग आयुक्त कार्यालय के एनआईसी कक्ष में संभाग आयुक्त श्री श्रीकांत बनोठ, संयुक्त आयुक्त विकास श्री नवल मीणा, उपायुक्त विकास श्री डी एन पटेल सहित संभागीय अधिकारी गण उपस्थित रहे, तथा कलेक्टर नर्मदापुरम के एनआईसी कक्ष में कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा, पुलिस अधीक्षक श्री साईं कृष्ण एस थोटा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री हिमांशु जैन सहित संबंधित अधिकारी गण उपस्थित रहे।