Type Here to Get Search Results !

यातायात जागरूकता अभियान आयोजित कैडेट्स को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति किया जागरूक --डीएसपी ट्रैफिक संतोष मिश्रा

 एनसीसी कैंप में यातायात जागरूकता अभियान आयोजित

डीएसपी ट्रैफिक संतोष मिश्रा ने कैडेट्स को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति किया जागरूक


नर्मदापुरम।

सड़क सुरक्षा के प्रति युवाओं में जागरूकता विकसित करने एवं यातायात नियमों के पालन हेतु प्रेरित करने के उद्देश्य से यातायात पुलिस द्वारा बीटीआई परिसर में 13 एमपी बटालियन एनसीसी, नर्मदापुरम द्वारा आयोजित एनसीसी कैंप में विशेष यातायात जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह शिविर कमांडिंग ऑफिसर कर्नल एस.पी. सिंह के मार्गदर्शन में संचालित किया जा रहा है। कार्यक्रम में संभाग भर से आए सीनियर डिवीजन, सीनियर विंग, जूनियर डिवीजन एवं जूनियर विंग के कुल 511 एनसीसी कैडेट्स उपस्थित रहे।पुलिस अधीक्षक श्री साईंकृष्ण एस. थोटा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अभिषेक राजन के मार्गदर्शन में सड़क सुरक्षा हेतु चलाए जा रहे विभिन्न जनजागरूकता अभियानों के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम में डीएसपी ट्रैफिक श्री संतोष मिश्रा ने कैडेट्स को यातायात नियमों एवं सड़क सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी।

उन्होंने सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों जैसे तेज गति से वाहन चलाना, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग करना, हेलमेट एवं सीट बेल्ट का उपयोग न करना, गलत दिशा में वाहन चलाना तथा शराब पीकर वाहन संचालन करने जैसी लापरवाहियों के गंभीर परिणामों के बारे में विस्तार से बताया।

डीएसपी ट्रैफिक श्री मिश्रा ने कहा कि सड़क दुर्घटनाएं केवल एक व्यक्ति तक सीमित नहीं रहतीं, बल्कि पूरा परिवार एवं समाज उसकी पीड़ा को महसूस करता है। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन केवल कानूनी दायित्व नहीं, बल्कि स्वयं एवं दूसरों के जीवन की सुरक्षा के प्रति हमारी नैतिक जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कैडेट्स से दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने तथा सदैव सतर्क एवं संयमित होकर वाहन चलाने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान कैडेट्स को ट्रैफिक सिग्नल, सड़क संकेत, रोड मार्किंग एवं सुरक्षित यातायात व्यवहार की जानकारी भी दी गई। साथ ही उन्हें प्रेरित किया गया कि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन करें तथा अपने परिवार, मित्रों एवं समाज को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करें।

सड़क दुर्घटनाओं से संबंधित उदाहरणों एवं प्रेरक संदेशों के माध्यम से कैडेट्स को यह समझाया गया कि छोटी-सी असावधानी भी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है। कार्यक्रम में उपस्थित कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए यातायात नियमों के पालन का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के उपरांत डीएसपी ट्रैफिक श्री संतोष मिश्रा एवं निरीक्षक सुनीता पटेल द्वारा कैंप के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले तथा विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में विजेता रहे कैडेट्स को मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर सूबेदार मेजर बी.सी. तिलक, ट्रेनिंग जेसीओ सूबेदार राकेश कुमार, सूबेदार मेहराम, सूबेदार राम अवतार, सीएचएम घमंडा राम, बीएचएम पूर्ण मिश्रा, सीएचएम विजय, हवलदार भंवरलाल नायक, हवलदार सुशील, हवलदार अजीत, सीटीओ यास्मीन खान सहित अन्य अधिकारी एवं स्टाफ उपस्थित रहे।

यातायात पुलिस द्वारा बताया गया कि भविष्य में भी विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं विभिन्न संस्थानों में इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक सड़क सुरक्षा का संदेश पहुंचाया जा सके एवं सड़क दुर्घटनाओं में प्रभावी कमी लाई जा सके।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.