नर्मदापुरम में दामिनी ऐप पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित ग्राम पंचायत रोहना के स्कूल में छात्रों को दी गई आपदा से बचाव की जानकारी
नर्मदापुरम/17,जुलाई,2026/ कलेक्टर नर्मदापुरम श्री सोमेश मिश्रा के निर्देशानुसार ‘दामिनी ऐप’ पर विशेष जन-जगरूकता अभियान चलाया जा रहा है, जिसके माध्यम से जिले के प्रत्येक गांव और घर तक आकाशीय बिजली से बचाव का संदेश पहुंचाया जा रहा है।
इसी क्रम में जनपद पंचायत नर्मदापुरम के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने गुरुवार को ग्राम पंचायत रोहना स्थित हाई स्कूल के प्रांगण में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया। इस कार्यक्रम में प्राथमिक, माध्यमिक एवं हाई स्कूल के विद्यार्थियों को "दामिनी ऐप" के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने बताया कि दामिनी ऐप एक महत्वपूर्ण मोबाइल एप्लिकेशन है। यह ऐप बिजली गिरने की संभावित घटनाओं की पूर्व चेतावनी देता है। इससे लोग समय रहते सुरक्षित स्थान पर पहुंचकर जन-धन की हानि से बच सकते हैं।
उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे स्वयं अपने मोबाइल में यह ऐप डाउनलोड करें और इसका उपयोग करें। साथ ही अपने परिवार, गांव और आसपास के लोगों को भी इसके बारे में जागरूक करें ताकि आपदा के समय अधिक से अधिक लोगों की जान बचाई जा सके।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने विद्यार्थियों को बिजली गिरने से बचाव के उपाय, आपदा प्रबंधन से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर भी चर्चा की और बताया कि सतर्कता ही बचाव का सबसे बड़ा उपाय है।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और दामिनी ऐप से संबंधित कई प्रश्न पूछे, जिनका संतोषजनक उत्तर भी दिया गया।
इस जागरूकता अभियान का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों के माध्यम से समाज में आपदा सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाना और जिले में बिजली गिरने से होने वाली दुर्घटनाओं को कम करना है।