Type Here to Get Search Results !

कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने वीर सपूत को किया नमन, शोक संतप्त परिवार के प्रति व्यक्त की गहरी संवेदनाएं

 अमर शहीद हवलदार संतोष जाट को सैन्य एवं राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई

कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने वीर सपूत को किया नमन, शोक संतप्त परिवार के प्रति व्यक्त की गहरी संवेदनाएं




नर्मदापुरम/04,जुलाई,2026/ तहसील सिवनी मालवा के ग्राम जाट गुराड़िया के वीर सपूत एवं भारतीय सेना के जांबाज जवान अमर शहीद हवलदार संतोष जाट को रविवार को उनके गृह ग्राम में सैन्य एवं राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। इस दौरान प्रशासन, जनप्रतिनिधियों एवं क्षेत्र के सैकड़ों नागरिकों ने नम आँखों से वीर सपूत को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। नर्मदापुरम कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने अमर शहीद हवलदार संतोष जाट की शहादत को नमन करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। कलेक्टर श्री मिश्रा के निर्देशन में शहीद की अंतिम सम्मान यात्रा एवं अंतिम संस्कार की समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं, ताकि राष्ट्र के वीर सपूत को गरिमामयी विदाई दी जा सके।

अंतिम सम्मान यात्रा में अपर कलेक्टर श्री राजीव कुमार शुक्ला, अपर पुलिस अधीक्षक, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सिवनी मालवा श्री विजय राय, तहसीलदार श्री नितिन झोड़, नायब तहसीलदार श्री शंकर सिंह रघुवंशी, थाना प्रभारी शिवपुर श्री कैलाश रजक सहित प्रशासन एवं पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। "भारत के वीर सपूत अमर शहीद हवलदार संतोष जाट अमर रहें" के गगनभेदी नारों के बीच पूरे सैन्य सम्मान एवं राजकीय गरिमा के साथ वीर जवान को अंतिम विदाई दी गई। इस दौरान बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे और सभी ने देश की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सपूत को श्रद्धासुमन अर्पित किए।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.