Type Here to Get Search Results !

जनसुनवाई बनी सुशासन का प्रभावी माध्यम कलेक्टर सोमेश मिश्रा की सतत मॉनिटरिंग से भिलाडिया ग्रामवासियों को मिली आवागमन की सुविधा

 नर्मदापुरम/04,जुलाई,2026/ कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा के नेतृत्व में जिले की जनसुनवाई व्यवस्था नागरिकों की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान का सशक्त माध्यम बनकर उभरी है। कलेक्टर द्वारा जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों का विस्तृत विश्लेषण, संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश तथा निरंतर मॉनिटरिंग के कारण यह व्यवस्था अब केवल एक प्रशासनिक प्रक्रिया न रहकर जनसेवा का प्रभावी मंच बन गई है।



इसी का एक सकारात्मक उदाहरण सिवनी मालवा विकासखंड के ग्राम भिलाड़िया कला में देखने को मिला। जनसुनवाई में दिनांक 2 जून 2026 को कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा के समक्ष भिलाड़िया कला ग्राम के निवासी श्री प्रद्युम्न यादव ने शिकायत दर्ज कराई थी कि मुख्य मार्ग से लगभग 150 मीटर अंदर स्थित रास्ते पर ग्राम पंचायत द्वारा सीसी रोड का निर्माण नहीं कराया गया है, जिससे ग्रामीणों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने शिकायत को संज्ञान में लेकर अनुविभागीय अधिकारी सिवनी मालवा को निर्देशित किया। उक्त निर्देशों के क्रम में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सिवनी मालवा श्री विजय राय द्वारा मामले पर तत्काल कार्यवाही प्रारंभ कर अधीनस्थ अमले को समस्या के निराकरण  के लिए सक्रिय किया। संबंधित अधिकारियों ने स्थल का निरीक्षण किया तथा स्थानीय सरपंच एवं ग्राम सचिव के साथ समन्वय स्थापित कर शीघ्र सीसी रोड निर्माण कराने के निर्देश दिए। प्रशासन की सतत मॉनिटरिंग एवं समन्वित प्रयासों के परिणामस्वरूप ग्राम पंचायत द्वारा एक माह के भीतर ही सीसी रोड निर्माण कार्य पूर्ण कर दिया गया। इसके साथ ही जनसुनवाई में प्राप्त शिकायत का सफलतापूर्वक निराकरण कर दिया गया।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.