Type Here to Get Search Results !

अनुसूचित जाति एवं जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के प्रकरणों में समयसीमा में हो कार्रवाई : कलेक्टर सोमेश मिश्रा

 नर्मदापुरम अनुसूचित जाति एवं जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम, 1989 के तहत गठित जिला स्तरीय सतर्कता एवं मॉनीटरिंग समिति की बैठक कलेक्ट्रेट कार्यालय के रेवा सभा कक्ष में कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी श्री सोमेश मिश्रा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। 

        


    बैठक में समिति के संबंधित अधिकारी एवं सदस्यगण उपस्थित रहे। सहायक आयुक्त, जनजातीय कार्य विभाग द्वारा बैठक के एजेंडा के अनुसार विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की गई। बैठक में अनुसूचित जाति एवं जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत दर्ज प्रकरणों के अन्वेषण की स्थिति, न्यायालय में लंबित मामलों के अभियोजन की प्रगति तथा अत्याचार पीड़ितों को राहत एवं अन्य देय सुविधाओं की समीक्षा की गई।

          कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने निर्देश दिए कि अधिनियम के अंतर्गत दर्ज सभी प्रकरणों में शासन के प्रावधानों के अनुरूप आवश्यक कार्रवाई निर्धारित समयसीमा में सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकरण को जाति प्रमाण-पत्र के अभाव में लंबित न रखा जाए तथा इस संबंध में आवश्यक प्रक्रिया शीघ्र पूरी की जाए। बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि अनुसूचित जाति एवं जनजाति अत्याचार राहत योजना के अंतर्गत विकासखंड स्तर पर प्रत्येक त्रैमास में नियमित बैठकें आयोजित की जाएं, ताकि प्रकरणों की सतत समीक्षा एवं त्वरित निराकरण सुनिश्चित हो सके।

कलेक्टर श्री मिश्रा ने न्यायालय स्तर पर लंबित एवं बरी किए गए प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई करने तथा आवश्यकता होने पर अपील प्रस्तुत करने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए। बैठक में एजेंडा के सभी बिंदुओं पर विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को प्रभावी समन्वय के साथ कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में पुलिस अधीक्षक नर्मदापुरम श्री साई कृष्ण एस. थोटा, समिति के सदस्य श्री मुकेशचन्द्र मैना, श्री देवेन्द्र परिहार, श्री अतुल भण्डारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.