Type Here to Get Search Results !

अब डिजिटल स्टूडियो से जुड़ेंगे 100 शासकीय स्कूल नर्मदापुरम में ‘डिजी उड़ान’ अभियान का शुभारंभ

 अब डिजिटल स्टूडियो से जुड़ेंगे 100 शासकीय स्कूल नर्मदापुरम में ‘डिजी उड़ान’ अभियान का शुभारंभ

कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा के मार्गदर्शन में नर्मदापुरम जिले में किया गए नवाचार

प्रदेश में डिजिटल भारत की संकल्पना को साकार करती नर्मदापुरम जिले की अभिनव पहल

प्रत्येक शनिवार विद्यार्थियों को मिलेगी विषय विशेषज्ञों की क्लास और लाइफ स्किल का मार्गदर्शन

पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा, सांसद दर्शन सिंह चौधरी एवं कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने किया अभियान का शुभारंभ


Uploading: 974713 of 974713 bytes uploaded.


नर्मदापुरम/14,अक्‍टूबर,2026/ जिले की शासकीय प्राथमिक एवं माध्यमिक शालाओं के विद्यार्थियों को डिजिटल माध्यम से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और जीवनोपयोगी विषयों पर मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ‘डिजी उड़ान’ अभियान का शुभारंभ किया गया। जिला शिक्षा केंद्र नर्मदापुरम में आयोजित कार्यक्रम में सांसद श्री दर्शन सिंह चौधरी, नर्मदापुरम विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा एवं कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने अभियान की शुरुआत की।

डिजिटल हब से 25 स्कूलों के विद्यार्थियों से किया संवाद

जिला शिक्षा केंद्र में स्थापित डिजिटल हब में उत्कृष्ट श्रेणी के कैमरों एवं इंटरएक्टिव पैनल के माध्यम से जिले के 25 स्कूलों के विद्यार्थियों और शिक्षकों को जोड़ा गया। अतिथियों ने डिजिटल माध्यम से विद्यार्थियों के साथ संवाद किया और उनसे विभिन्न विषयों पर चर्चा की। विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक अतिथियों के सवालों के जवाब दिए तथा इस नवाचार की शुरुआत पर प्रसन्नता व्यक्त की।

कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने अतिथियों को ‘डिजी उड़ान’ अभियान के उद्देश्य एवं कार्ययोजना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस पहल के माध्यम से विद्यार्थियों को डिजिटल तकनीक का उपयोग करते हुए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और जीवन में उपयोगी मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा।

प्रत्येक शनिवार 100 स्कूलों को मिलेगा विशेषज्ञों का मार्गदर्शन

जिला परियोजना समन्वयक (डीपीसी) डॉ. राजेश जायसवाल ने अभियान की कार्ययोजना की विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि जिले के 100 चयनित शासकीय प्राथमिक एवं माध्यमिक स्कूलों को जिला शिक्षा केंद्र में स्थापित डिजिटल स्टूडियो से जोड़ा जाएगा। इसके माध्यम से प्रत्येक शनिवार विद्यार्थियों के लिए एक विषय विशेषज्ञ की कक्षा तथा एक लाइफ स्किल सत्र आयोजित किया जाएगा।

इन सत्रों में विषय विशेषज्ञों और मोटिवेशनल स्पीकर्स के माध्यम से विद्यार्थियों को विषय संबंधी जानकारी, व्यावहारिक ज्ञान एवं जीवनोपयोगी कौशल सीखने का अवसर मिलेगा। विद्यार्थी विशेषज्ञों से सीधे सवाल पूछ सकेंगे और अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त कर सकेंगे।

विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा ने ‘डिजी उड़ान’ अभियान की शुरुआत पर डीपीसी एवं जिला शिक्षा अधिकारी को बधाई दी। उन्होंने आशा व्यक्त की कि आगामी समय में जिले के अधिक से अधिक विद्यार्थियों को इस नवाचार का लाभ मिलेगा और डिजिटल माध्यम से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा तक उनकी पहुंच आसान होगी।

सांसद श्री दर्शन सिंह चौधरी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि वे मोबाइल और तकनीकी साधनों का सद उपयोग शिक्षा, ज्ञानवर्धन तथा अपनी प्रतिभा को निखारने के लिए करें। डिजिटल तकनीक का सही उपयोग विद्यार्थियों के लिए सीखने के नए अवसर उपलब्ध करा सकता है।

कलेक्टर ने बच्चों से संवाद करते हुए कहा कि प्रोजेक्ट डीजी उड़ान का लाभ विशेष रूप से दूरस्थ अंचल में बैठे बच्चों को मिलेगा। बच्चों की पढ़ाई कभी भी बाधित नहीं होगी। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के दिशा निर्देश में प्रदेश में पहली बार इस प्रकार की पहल की जा रही है। निश्चित थी यह पहल प्रदेश के हर जिले में अपनाई जाएगी।

प्रदेश में नर्मदापुरम की अभिनव पहल

जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री हिमांशु जैन ने बताया कि नर्मदापुरम जिले ने इस नवाचार पर प्रदेश में सबसे पहले कार्य प्रारंभ किया है। उन्होंने कहा कि डिजिटल माध्यम से विद्यार्थियों को विषय विशेषज्ञों और प्रेरक वक्ताओं से जोड़ने की यह पहल शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने में उपयोगी सिद्ध होगी।

कार्यक्रम में जनपद पंचायत अध्यक्ष श्री भूपेन्द्र चौकसे, नगर पालिका नर्मदापुरम अध्यक्ष श्रीमती नीतू महेंद्र यादव, सांदीपनि पीएमश्री विद्यालयों की प्रदेश स्तरीय समिति के सदस्य श्री राहुल सोलंकी तथा भारत शासन की दूरसंचार समिति के सदस्य श्री विकास नारोलिया ने भी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को संबोधित किया।

इस अवसर पर नर्मदापुरम नगर के विभिन्न विद्यालयों के प्राचार्य एवं शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे। उन्होंने इस पहल की सराहना करते हुए जिले में डिजिटल शिक्षा के विस्तार पर प्रसन्नता व्यक्त की। कार्यक्रम का संचालन श्री दुर्गेश नंदन व्यास ने किया तथा आभार जिला शिक्षा अधिकारी श्री एल.एन. प्रजापति ने व्यक्त किया।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.