नरवाई जलाने की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा उठाए जा रहे प्रभावी कदम
कलेक्टर के निर्देशानुसार तहसील और ग्राम स्तर पर की गई टास्क फोर्स गठित
नर्मदापुरम/14,अक्टूबर,2026/ जि
प्रशासन द्वारा गठित टास्क फोर्स का मुख्य उद्देश्य किसानों को नरवाई नहीं जलाने के प्रति जागरूक करना, फसल अवशेषों के उचित प्रबंधन के लिए प्रोत्साहित करना तथा नरवाई जलाने की घटनाओं की प्रभावी रोकथाम सुनिश्चित करना है। इस संबंध में अपर कलेक्टर एवं अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी श्री राजेश शुक्ला द्वारा आदेश जारी किये गए है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई भी की जाएगी।
जारी आदेश के अनुसार, तहसील स्तरीय टास्क फोर्स में तहसीलदार को अध्यक्ष, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत को उपाध्यक्ष, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी को सदस्य सचिव तथा बीटीआरएस (आत्मा) और सहायक पशु चिकित्सा अधिकारी (पशुपालन) को सदस्य बनाया गया है।
तहसील स्तरीय टास्क फोर्स राजस्व, कृषि, पंचायत एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों के बीच समन्वय स्थापित करेगी। साथ ही किसानों को नरवाई नहीं जलाने के संबंध में जागरूक करने के लिए कार्ययोजना तैयार की जाएगी और वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों का पालन सुनिश्चित किया जाएगा।
प्रत्येक ग्राम पंचायत क्षेत्र में गठित ग्राम स्तरीय टास्क फोर्स में सरपंच को अध्यक्ष, ग्राम पंचायत सचिव को सदस्य सचिव तथा पटवारी, कृषि विस्तार अधिकारी/आरटीएम (आत्मा), ग्राम कोटवार और प्रगतिशील किसान को सदस्य बनाया गया है।
ग्राम स्तरीय टास्क फोर्स की जिम्मेदारी गांवों में बैठकें आयोजित कर किसानों को नरवाई जलाने से होने वाले नुकसान के प्रति जागरूक करना, खेतों की निगरानी करना तथा नरवाई जलाने की घटना की जानकारी तत्काल संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाना होगा।
टास्क फोर्स द्वारा कस्टम हायरिंग सेंटर एवं अन्य उपलब्ध स्रोतों के माध्यम से किसानों को सुपर सीडर, रोटावेटर सहित अन्य कृषि यंत्र उपलब्ध कराने के लिए समन्वय किया जाएगा। नरवाई जलाने की घटनाओं की जानकारी प्राप्त कर खेतों का निरीक्षण किया जाएगा तथा आवश्यकतानुसार पंचनामा तैयार कर संबंधित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
कलेक्टर के निर्देशानुसार सभी तहसीलदार अपने-अपने क्षेत्र में तहसील स्तरीय टास्क फोर्स के माध्यम से ग्राम स्तरीय टास्क फोर्स का गठन कर उसके कार्यों का समन्वय सुनिश्चित करेंगे। संबंधित जनपद पंचायतों, ग्राम पंचायतों एवं कृषि विभाग के अधिकारी टास्क फोर्स को आवश्यक सहयोग प्रदान करेंगे।
तहसीलदार संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर ग्रामवार प्रगति एवं की गई कार्रवाई की रिपोर्ट समय-समय पर जिला कार्यालय को प्रस्तुत करेंगे।