Type Here to Get Search Results !

उल्लास-नव भारत साक्षरता कार्यक्रम: 24 अक्टूबर को होगी साक्षरता मूल्यांकन परीक्षा, तैयारियां पूरी





 उल्लास-नव भारत साक्षरता कार्यक्रम: 24 अक्टूबर को होगी साक्षरता मूल्यांकन परीक्षा, तैयारियां पूरी

नर्मदापुरम/22,अक्‍टूबर,2026/ राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के तहत 15 वर्ष से अधिक आयु के असाक्षरों को साक्षर करने के उद्देश्य से संचालित उल्लास-नव भारत साक्षरता कार्यक्रम के अंतर्गत 24 अक्टूबर 2026 शनिवार को जिलेभर में मूलभूत साक्षरता एवं संख्यात्मकता मूल्यांकन परीक्षा आयोजित होगी। जिला शिक्षा केंद्र ने सभी सात विकासखंडों में तैयारियां पूरी कर ली हैं।

परीक्षा में सर्वेक्षित नवसाक्षर, पूर्व के नवसाक्षर, बिना औपचारिक प्रमाण पत्र वाले व्यक्ति और पूर्व परीक्षाओं में सुधार की आवश्यकता श्रेणी वाले शिक्षार्थी शामिल होंगे। जिले में 63 हजार से अधिक असाक्षरों का सर्वे किया गया है।

परीक्षा व्यवस्थाएं

परीक्षा केंद्र सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक खुले रहेंगे। शिक्षार्थी सुविधानुसार 3 घंटे में परीक्षा दे सकेंगे। केंद्र शासकीय विद्यालयों, ग्राम पंचायत भवनों और सामाजिक चेतना केंद्रों पर बनाए गए हैं, जहां रोशनी, पेयजल और बैठक व्यवस्था के निर्देश दिए गए हैं। प्रत्येक परीक्षार्थी को प्रश्न-सह-उत्तर पुस्तिका के साथ निशुल्क नीला बॉल पेन दिया जाएगा।

मूल्यांकन पद्धति

परीक्षा कुल 150 अंकों की होगी, जिसमें पढ़ना 50 अंक, लिखना 50 अंक और संख्यात्मक ज्ञान/गणित 50 अंक। उत्तीर्ण होने के लिए प्रत्येक विषय में न्यूनतम 33 प्रतिशत अंक अनिवार्य है और नियमानुसार अधिकतम 5 ग्रेस अंक का प्रावधान है। परीक्षा समाप्ति के तुरंत बाद केंद्र स्तर पर ही मूल्यांकन कर परिणाम आरएसके एमपी पोर्टल पर दर्ज किया जाएगा।

पारदर्शिता के लिए जिला, विकासखंड और जनशिक्षा केंद्र स्तर से सतत निगरानी की जाएगी। नवसाक्षरों को केंद्र तक लाने के लिए अक्षर साथी, स्वयंसेवी संस्थाओं, एनसीसी, एनएसएस, स्काउट-गाइड और जनप्रतिनिधियों का सहयोग लिया जा रहा है। जिला परियोजना समन्वयक डॉ. राजेश जायसवाल ने सभी अधिकारियों को लक्ष्य शत-प्रतिशत हासिल करने के निर्देश दिए हैं।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.