Type Here to Get Search Results !

देशी गोवंश के संरक्षण एवं दुग्ध उत्पादन को प्रोत्साहन देने जिले के चार वृंदावन ग्रामों में हुई गोपाल कृष्ण ग्राम पुरस्कार प्रतियोगिता

 देशी गोवंश के संरक्षण एवं दुग्ध उत्पादन को प्रोत्साहन देने जिले के चार वृंदावन ग्रामों में हुई गोपाल कृष्ण ग्राम पुरस्कार प्रतियोगिता

चार ग्रामों के 16 पशुपालकों ने लिया भाग, जिला स्तरीय समिति करेगी विजेताओं का चयन

प्रथम पुरस्कार एक लाख, द्वितीय 50 हजार एवं तृतीय पुरस्कार के रूप में मिलेंगे 25 हजार रुपये



नर्मदापुरम/31,अक्‍टूबर,2026/  मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा के अनुरूप प्रदेश में देशी गोवंश के संरक्षण, संवर्धन एवं दुग्ध उत्पादन को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से पशुपालन एवं डेयरी विभाग द्वारा गोपाल कृष्ण ग्राम पुरस्कार प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। इसी क्रम में नर्मदापुरम जिले के चयनित चार वृंदावन ग्रामों में 29 से 31 अक्टूबर 2026 तक प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें ग्राम बघवाड़ा (विधानसभा सिवनी मालवा), ग्राम रायपुर (विधानसभा होशंगाबाद), ग्राम सेमरीहरचंद (विधानसभा सोहागपुर) एवं ग्राम बाचावानी (विधानसभा पिपरिया) के कुल 16 पशुपालकों ने भाग लिया।

          प्रतियोगिता का उद्देश्य वृंदावन ग्रामों में दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देना, अधिक दुग्ध उत्पादन करने वाले पशुपालकों को प्रोत्साहित करना तथा उत्कृष्ट दुग्ध उत्पादक गायों की पहचान करना है। इसके माध्यम से पशुपालकों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने के साथ गिर, साहीवाल, थारपारकर सहित अन्य उन्नत देशी नस्लों के संरक्षण एवं संवर्धन को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। योजना के तहत वृंदावन ग्रामों को दुग्ध उत्पादन एवं देशी पशुधन संवर्धन के आदर्श ग्राम के रूप में विकसित करने तथा पशुपालकों की आय बढ़ाकर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने का लक्ष्य है।

          प्रतियोगिता कलेक्टर श्री आशीष वशिष्ठ के नेतृत्व एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री हिमांशु जैन के मार्गदर्शन में आयोजित की गई। प्रतियोगिता का आयोजन विकासखंड स्तरीय समितियों की निगरानी में किया गया।

चारों वृंदावन ग्रामों में पशुपालकों का प्रदर्शन

          उपसंचालक पशु चिकित्सा सेवाएं डॉ. विनोद कुमार पटेल ने बताया कि वृंदावन ग्राम बघवाड़ा में चार पशुपालकों ने भाग लिया। इनमें श्री वीरेन्द्र पिता घासीराम रघुवंशी की साहीवाल गाय ने 13.233 लीटर, श्री अमित कुमार पिता सुरेश कुमार लौंवंशी की साहीवाल गाय ने 12.160 लीटर तथा श्रीमती विद्या बाई पति रामचंद्र लौंवंशी की साहीवाल गाय ने 6.405 लीटर दुग्ध उत्पादन किया। वृंदावन ग्राम रायपुर में चार प्रतियोगियों ने भाग लिया। इनमें श्री धर्मेन्द्र चन्द्रौल पिता कौशल किशोर की थारपारकर गाय ने 12.877 लीटर, श्री देवेन्द्र गौर पिता हरप्रसाद गौर की साहीवाल गाय ने 12.516 लीटर तथा श्रीमती ज्योति मिश्रा पति सुरेश मिश्रा की गिर गाय ने 7.382 लीटर दुग्ध उत्पादन किया।

          इसी प्रकार वृंदावन ग्राम सेमरीहरचंद में पांच पशुपालकों ने भाग लिया। यहां श्री हरिगोविंद की गिर गाय ने 15.180 लीटर, श्री संतोष कुमार की साहीवाल गाय ने 15.040 लीटर तथा श्रीमती प्रभा बाई पटेल की गिर गाय ने 13.140 लीटर दुग्ध उत्पादन दर्ज किया। वृंदावन ग्राम बाचावानी में तीन पशुपालकों ने प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। इनमें श्री विजय सिंह पटेल की गिर गाय ने 4.274 लीटर, श्री महेश पटेल की साहीवाल गाय ने 3.747 लीटर तथा श्री मनोज पटेल की गाय ने 3.010 लीटर दुग्ध उत्पादन किया।

जिला स्तरीय समिति करेगी विजेताओं का चयन

          प्रतियोगिता के उपरांत विकासखंड स्तरीय समितियों द्वारा प्राप्त परिणाम जिला स्तरीय समिति को भेज दिए गए हैं। जिला स्तरीय समिति द्वारा परिणामों का परीक्षण एवं सत्यापन करने के बाद प्रत्येक वृंदावन ग्राम के विजेताओं की घोषणा की जाएगी। योजना के तहत प्रत्येक वृंदावन ग्राम में प्रथम पुरस्कार के रूप में 1 लाख रुपये, द्वितीय पुरस्कार के रूप में 50 हजार रुपये तथा तृतीय पुरस्कार के रूप में 25 हजार रुपये की राशि प्रदान की जाएगी। पुरस्कार राशि गोबरधन पूजन के अवसर पर आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा डीबीटी के माध्यम से सीधे विजेताओं के बैंक खातों में अंतरित की जाएगी।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.