Type Here to Get Search Results !

No title

 




टी.बी. उन्‍मूलन प्रयासों के साथ "नशा मुक्‍त भारत अभियान" को भी जोड़े : राज्‍यपाल श्री पटेल

राज्यपाल ने किया 77वें टी.बी. सील अभियान का शुभारंभ



राज्‍यपाल श्री मंगुभाई पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्‍द्र मोदी के नेतृत्‍व में ''नशा मुक्‍त भारत अभियान'' चलाया जा रहा है। यह ''स्‍वस्‍थ भारत-सशक्‍त भारत और विकसित भारत'' के लिए बहुत महत्‍वपूर्ण अभियान है। उन्‍होंने कहा कि टी.बी. उन्‍मूलन प्रयासों के साथ नशा मुक्‍त भारत अभियान को भी जोड़ा जाना चाहिए। इन प्रयासों में नशे के मरीजों, विशेषकर युवाओं और बच्‍चों को नशे के आर्थिक, सामाजिक, मानसिक दुष्प्रभावों के विभिन्न आयामों के प्रति जागरूक करें। राज्‍यपाल श्री पटेल ने सभी माता-पिता का आह्वान किया कि वे अपने बच्‍चों को नशे से दूर रहने के संस्‍कार घर से ही प्रदान करें। उन्‍हें संयमित जीवन, पौष्टिक आहार और समुचित उपचार का व्‍यावहारिक महत्‍व समझाए।

राज्‍यपाल श्री पटेल बुधवार को एम.पी. स्‍टेट टी.बी. एसोसिएशन के 77वें टी.बी. सील अभियान के शुभारंभ कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्‍होंने अभियान के सहयोग के लिए 11 हजार रूपए की सहायता राशि प्रदान की। कार्यक्रम में राज्‍यपाल के प्रमुख सचिव डॉ. नवनीत मोहन कोठारी भी मौजूद थे।

राज्यपाल श्री पटेल ने कहा कि टी.बी. मुक्‍त भारत अभियन में मरीजों की जॉंच, उपचार और निगरानी को सर्वोच्‍च प्राथमिकता दी जानी चाहिए। प्रत्‍येक रोगी तक सही जानकारी, दवाईयॉं और पौष्‍टिक आहार की समुचित उपलब्‍धता सुनिश्चित की जाए। उन्‍होंने कहा कि टी.बी. रोगियों को सकारात्‍मक विचारों और अनुशासित जीवन शैली के प्रति विशेष रूप से जागरूक बनाया जाए। टी.बी. मुक्‍त भारत के कार्यक्रमों को सघन और सतत रूप से संचालित किया जाए। राज्यपाल श्री पटेल ने टी.बी. सील अभियान से जुड़े सदस्यों और स्‍वयंसेवी संस्थाओं को टी.बी. उन्‍मूलन के प्रति समर्पण भाव से कार्य करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि यह पीड़ित मानवता की सेवा का कार्य है। ऐसे मानवीय कार्यों से पुण्‍य लाभ और ईश्‍वर का आर्शीवाद प्राप्‍त होता है।

राज्‍यपाल श्री पटेल का एम.पी. स्‍टेट टी.बी. एसोसिएशन के चेयरमेन श्री जयपाल सचदेव ने पुष्‍पगुच्‍छ, शॉल और श्रीफल भेंट कर अभिनंदन किया। राज्‍यपाल श्री पटेल ने कार्यक्रम में टी.बी. सील अभियान की जानकारी और जागरूकता पर आधारित किट का लोकार्पण किया। चेयरमेन श्री सचदेव ने टी.बी. सील अभियान और नवाचारों की जानकारी दी। आभार डॉ. अभिजीत देशमुख ने व्‍यक्‍त किया। इस अवसर पर लोकभवन के अधिकारी, एम.पी. स्‍टेट टी.बी. एसोसिएशन के पदाधिकारी और टी.बी. सील अभियान से संबंधित सदस्‍य उपस्थित थे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.