Type Here to Get Search Results !

कलेक्टर ने नर्मदापुरम टिमरनी मार्ग के निर्माण कार्यों की समीक्षा की

 कलेक्टर ने नर्मदापुरम टिमरनी मार्ग के निर्माण कार्यों की समीक्षा की

एमपीआरडीसी एवं राजस्व विभाग सहित अन्य संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य करने के दिए निर्देश



नर्मदापुरम/31,अक्‍टूबर,2026/  कलेक्टर श्री आशीष वशिष्ठ ने एमपीआरडीसी के अधिकारियों के साथ बैठक कर नर्मदापुरम–टिमरनी मार्ग के निर्माण कार्य की प्रगति एवं उससे संबंधित विभिन्न प्रक्रियाओं की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने मार्ग निर्माण के लिए अब तक की गई कार्रवाई, भू-अर्जन की स्थिति तथा राजस्व, खनिज एवं वन विभाग से संबंधित लंबित कार्यों की विस्तार से जानकारी ली।

        कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने निर्देश दिए कि एमपीआरडीसी राजस्व विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर भू-अर्जन से संबंधित धारा 19 एवं धारा 21 की कार्यवाही शीघ्र पूर्ण कराए। उन्होंने कहा कि खनिज एवं वन विभाग से संबंधित आवश्यक अनुमतियां नियमानुसार प्राप्त की जाएं। संबंधित विभाग भी निर्धारित प्रावधानों के अनुरूप अनुमतियां प्रदान करने की कार्यवाही समय पर सुनिश्चित करें।

          कलेक्टर ने एमपीआरडीसी के अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसी भी निर्माण कार्य अथवा अन्य गतिविधि के लिए राजस्व विभाग को कम से कम एक सप्ताह पूर्व सूचित किया जाए। साथ ही प्रस्तावित कार्य की संपूर्ण जानकारी भी उपलब्ध कराई जाए, ताकि आवश्यक समन्वय एवं प्रशासनिक कार्यवाही समय रहते पूरी की जा सके।

          उन्होंने स्पष्ट किया कि मार्ग निर्माण के दौरान पूर्व से निर्मित किसी भी शासकीय संरचना को नुकसान न हो यह सुनिश्चित किया जाए। विशेष रूप से शासकीय संरचनाओं, पाइपलाइन एवं अन्य विभागीय परिसंपत्तियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। ऐसे स्थलों पर निर्माण कार्य प्रारंभ करने से पूर्व संबंधित विभागों को अनिवार्य रूप से सूचित कर आवश्यक समन्वय स्थापित किया जाए। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों के क्रियान्वयन के लिए पीएम गतिशक्ति प्लेटफार्म का उपयोग किया जाए।

          बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री हिमांशु जैन, एसडीएम नर्मदापुरम श्री देवेंद्र प्रताप सिंह सहित एमपीआरडीसी, लोक निर्माण विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.