Type Here to Get Search Results !

नरवाई प्रबंधन के लिए कृषि यंत्रों का शत-प्रतिशत क्षमता से करें उपयोग : कलेक्टर श्री आशीष वशिष्ठ

 नरवाई प्रबंधन के लिए कृषि यंत्रों का शत-प्रतिशत क्षमता से करें उपयोग : कलेक्टर श्री आशीष वशिष्ठ

कलेक्टर ने ग्राम बुधवाड़ा में बेलर मशीन से नरवाई प्रबंधन कार्य का किया निरीक्षण, किसानों को किया जागरूक



नर्मदापुरम/23,अक्‍टूबर,2026/ जिले में नरवाई के उचित प्रबंधन, मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने और पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से किसानों को जागरूक किया जा रहा है। इसी क्रम में कलेक्टर श्री आशीष वशिष्ठ ने तहसील माखननगर के ग्राम बुधवाड़ा में नरवाई प्रबंधन के लिए किए जा रहे कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने खेत में बेलर मशीन के माध्यम से फसल अवशेषों के प्रबंधन की प्रक्रिया का अवलोकन किया तथा नरवाई प्रबंधन के लिए संचालित कृषि यंत्रों का लाइव डेमो देखा।

 कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने किसानों को नरवाई में आग नहीं लगाने और बेलर मशीन सहित अन्य कृषि यंत्रों के माध्यम से फसल अवशेषों का उचित प्रबंधन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि नरवाई जलाने से मिट्टी की उर्वरता प्रभावित होती है और पर्यावरण को भी नुकसान पहुंचता है। इसलिए किसान फसल अवशेषों का वैज्ञानिक तरीके से प्रबंधन कर पर्यावरण संरक्षण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।

कलेक्टर ने निर्देश दिए कि जिले में नरवाई प्रबंधन के लिए अधिक से अधिक कृषि यंत्रों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए तथा उपलब्ध मशीनों का शत-प्रतिशत क्षमता के साथ उपयोग किया जाए। उन्होंने कहा कि नरवाई प्रबंधन के कार्य में किसी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए। जिला प्रशासन द्वारा इस कार्य के लिए हर स्तर पर पूर्ण सहयोग प्रदान किया जाएगा।

कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने कहा कि नरवाई का उचित प्रबंधन एक सामूहिक प्रयास है। इसमें किसान भाइयों, कृषि यंत्र संचालकों और जिला प्रशासन को मिलकर पूरी क्षमता एवं समर्पण के साथ कार्य करना होगा, ताकि जिले में नरवाई जलाने की प्रवृत्ति पर प्रभावी कमी लाई जा सके और पर्यावरण संरक्षण के साथ मिट्टी की उर्वरता भी बनी रहे। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक श्री साई कृष्ण एस. थोटा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री हिमांशु जैन सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.