Type Here to Get Search Results !

मां नर्मदा और तवा के संगम पर 22 से 26 नवंबर तक लगेगा बांद्राभान मेला 2026 में बांद्राभान मेले के 200 वर्ष पूर्ण होंगे

मां नर्मदा और तवा के संगम पर 22 से 26 नवंबर तक लगेगा बांद्राभान मेला


2026 में बांद्राभान मेले के 200 वर्ष पूर्ण होंगे

कलेक्टर श्री आशीष वशिष्ठ ने मेले की तैयारियों का किया स्थल निरीक्षण

सुरक्षा व्यवस्था, साफ सफाई, उचित यातायात प्रबंधन आदि के संबंध में दिए आवश्यक दिशा निर्देश

नर्मदापुरम/01, नवंबर,2026/ जिला मुख्यालय से आठ किमी दूर स्थित मां नर्मदा व तवा के संगम स्थल बांद्राभान में कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर प्रतिवर्ष मेले का आयोजन किया जाता है। इस बार 200 वर्ष पूर्ण कर रहे बांद्राभान मेले का संचालन 22 से 26 नवंबर तक किया जायेगा। मेले की तैयारियों के संबंध में कलेक्टर श्री आशीष वशिष्ठ ने अधिकारियों के साथ रविवार को मेला स्थल का निरीक्षण किया। कलेक्टर वशिष्ठ ने निर्देश दिए कि मेला अवधि के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहें। पार्किंग, परमिट आदि की प्रक्रिया भी शीघ्र पूर्ण की जाए। मेला अवधि के दौरान होम गार्ड जवानों की टीम तथा गोताखोर भी मेला स्थल पर उपस्थित रहें। कलेक्टर ने स्पष्ट रूप से निर्देश दिए की मेला अवधि के दौरान सभी संबंधित अधिकारी मुस्तैद रहे एवं सभी व्यवस्थाएं चाक चौबंद रखी जाए।  जनपद पंचायत अध्यक्ष श्री भूपेंद्र चौकसे ने बताया कि प्रतिवर्ष अनुसार इस वर्ष भी मेला धूमधाम के साथ आयोजित किया जाएगा तथा मेले में लगभग 5 लाख की संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।

          कलेक्टर ने मेला स्थल पर लगने वाली दुकानों के बिजली कनेक्शन एवं झूलों का सुरक्षा प्रमाणन करवाए जाने के लिए भी निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि मेले के दौरान आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है झूले और विद्युत कनेक्शन के सुरक्षा जांच में किसी भी प्रकार की कोताही न बरती जाए। बांद्राभान मेला स्थल पर व्यवस्थित ले आउट डाला जाए। साथ ही दुकान आवंटन की पूरी प्रक्रिया पारदर्शिता के साथ संपादित की जाए। कलेक्टर ने निर्देश दिए की मेला पहुंच मार्ग का सुधार कार्य शीघ्र ही पूरा किया जाए साथ ही जिन स्थानों पर समतलीकरण की आवश्यकता हो वहां मुरम बजरी आदि डाल कर उनका समतलीकरण करवाया जाए।

          कलेक्टर ने निर्देशित किया कि मेला स्थल पर बेरिकेडिंग भी अच्छे से कराएं। मेला स्थल पर आने वाले लोगों को किसी तरह की परेशानी ना हों। उन्होनें पेयजल, चलित शौचालय आदि की भी व्यवस्थाए किए जाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधीक्षण यंत्री को निर्देशित किया की मेले में पर्याप्त मात्रा में पीने की पानी की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए तथा मेला अवधि से पूर्व ही पानी की टेस्टिंग तथा विभिन्न स्थानों पर नल लगाए जाने की व्यवस्था भी की जाए।

          कलेक्टर ने खाद्य सुरक्षा अधिकारी को निर्देशित किया कि मेले में लगने वाली खाद्य सामग्रियों की दुकानों से खाने पीने की चीजों का सैंपल लेकर उनकी सुरक्षा जांच आवश्यक रूप से की जाए। आबकारी विभाग द्वारा भी मेले में शिविर लगाकर सघन जांच अभियान चलाया जाए जिससे मेले में मादक पदार्थों की बिक्री न हो।

          उन्होंने निर्देश दिए की मेले में स्वच्छता व्यवस्था का विशेष ध्यान दिया जाए। मेला अवधि के दौरान प्रतिदिन अलग-अलग समय पर साफ सफाई करवाई जाए तथा कचरा गाड़ी के माध्यम से निर्धारित स्थान पर डंप करवाया जाए जिससे उसका उचित रूप से प्रबंधन किया जा सके। आवश्यकता पड़ने पर नजदीकी नगर परिषदों से भी समन्वय कर संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। इसी के साथ मेला स्थल पर पर्याप्त रूप से अग्निशमन यंत्रों एवं फायर ब्रिगेड की व्यवस्था भी की जाए।

          कलेक्टर ने निर्देश दिए की महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम स्थापित किए जाएं। उन्होंने कहा कि रात्रि में बिजली जाने की समस्या न हो इसके लिए भी वैकल्पिक व्यवस्था की जाए। संपूर्ण मेला क्षेत्र में उचित एनाउसमेंट सिस्टम एवं कंट्रोल रूम भी स्थापित किया जाए।  निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने कहा कि पूरे मेला क्षेत्र में अलग-अलग स्थान पर डॉक्टर की ड्यूटी लगाई जाए तथा प्रत्येक बिंदु पर फर्स्ट एड किट की व्यवस्था भी रखी जाए। स्वास्थ्य विभाग मेले के दौरान एंबुलेंस को भी रेडी टू मूव स्थिति में रखें।

          कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने निर्देश दिए की बांद्राभान तक के मुख्य पांच मार्ग का खनिज विभाग एवं पीडब्लूडी समन्वय के साथ मरम्मत कार्य करवाए। उन्होंने निर्देश दिए कि मेला पहुंच मार्ग भी सुचारू रहे साथ ही मेले में लगने वाली दुकानों के आसपास पर्याप्त रूप से आवागमन की व्यवस्था के लिए जगह को छोड़ी जाए जिससे आपात स्थिति में वाहनों को अंदर और बाहर ले जाने का कार्य किया जा सके। उन्होंने कहा कि मुख्य मार्ग पर दिन में अलग-अलग समय पर पानी का छिड़काव करवाया जाए जिससे सड़कों पर उड़ने वाली धूल से श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की समस्या ना हो।

          कलेक्टर ने स्पष्ट रूप से निर्देशित किया कि सभी विभाग मेला प्रारंभ होने की तिथि से पूर्व समस्त तैयारी को पूरा कर लें तथा मेले के प्रारंभ होने से एक दिवस पूर्व तैयारी की समीक्षा भी सुनिश्चित कर लें जिससे मिले का संचालन सफल एवं सुचारु रूप से किया जा सके।

           निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत नर्मदापुरम के अध्यक्ष श्री भूपेंद्र चौकसे, जिला पंचायत सीईओ श्री हिमांशु जैन, एसडीएम नर्मदापुरम श्री देवेंद्र प्रताप सिंह, सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.