पिपरिया के प्रसिद्ध काष्ठ कलाकारों द्वारा निर्मित सुंदर कलाकृति भेंट की गई। यह सौजन्य भेंट मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा की गई,
नर्मदापुरम 18/11/2025 (छगन कुशवाहा पिपरिया) नर्मदापुरम् पिपरिया,नई दिल्ली। देश की राजधानी में आज एक विशेष मुलाक़ात के दौरान केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री माननीय अमित शाह को पिपरिया के प्रसिद्ध काष्ठ कलाकारों द्वारा निर्मित सुंदर कलाकृति भेंट की गई। यह सौजन्य भेंट मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा की गई, जिससे पिपरिया की प्रतिभा और लोक कला को राष्ट्रीय स्तर पर एक नई पहचान मिली है।
भेंट की गई यह उत्कृष्ट लकड़ी की कलाकृति माधुरी फ़र्नीचर, अखिल राय–अंकुर राय परिवार द्वारा विशेष रूप से तैयार की गई थी। बारीक नक्काशी और पारंपरिक शिल्प कौशल से सजी यह कलाकृति मंत्रालय स्तर पर सराहना का विषय बनी।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गृहमंत्री अमित शाह को यह काष्ठ कलाकृति सौंपते हुए कहा कि मध्य प्रदेश की धरती कला, संस्कृति और शिल्प के अनमोल रत्नों से भरी है, और पिपरिया के कलाकारों ने हमेशा अपने अद्भुत हुनर से प्रदेश का नाम रोशन किया है।
गृहमंत्री अमित शाह ने इस उत्कृष्ट हस्तनिर्मित उपहार की सराहना करते हुए पिपरिया के कलाकारों को शुभकामनाएँ दीं।
इस अवसर को पिपरिया और पूरे मध्य प्रदेश के लिए गौरव के क्षण के रूप में देखा जा रहा है, जहाँ स्थानीय शिल्प को राष्ट्रीय नेतृत्व के समक्ष सम्मानपूर्वक प्रस्तुत किया गया।



