नर्मदापुरम 12/12/2025 (छगन कुशवाहा पिपरिया) नर्मदापुरम् पिपरिया,सांडिया रोड स्थित जिम के पास हुई चाकूबाज़ी की घटना में फरार चल रहे मुख्य आरोपी को पिपरिया पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त धारदार हथियार भी बरामद कर लिया है।
घटना 10 दिसंबर 2025 की है। फरियादी नीतेश पटेल, निवासी पिपरिया ने पुलिस को रिपोर्ट में बताया कि वह अपने दोस्त पियूष के साथ हथवास से बिजली फिटिंग का काम कर लौट रहे थे। दोनों संजू सोनी की जिम के पास पहुंचे ही थे कि पियूष की कोहनी एक युवक से टकरा गई। इसी बात पर युवक, उसके साथी राजा बाथरे और एक अन्य युवक ने दोनों को गालियां देना शुरू कर दिया।
फरियादी के अनुसार, पियूष द्वारा गाली देने से मना करने पर तीनों आरोपियों ने मारपीट शुरू कर दी और इसी दौरान राजा बाथरे ने चाकू से पियूष पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आरोपी जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 486/2025 दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान दो अन्य अज्ञात आरोपियों की पहचान नाबालिगों के रूप में हुई, जो रामविलास कॉलोनी और गर्ल्स स्कूल के पास पिपरिया के निवासी हैं।
आज 12 दिसंबर 2025 को पुलिस ने मुख्य आरोपी राजकुमार बाथरे उर्फ राजा (उम्र 20 वर्ष) निवासी राजेंद्र वार्ड पिपरिया को एक विशेष स्थान से गिरफ्तार किया। पकड़े जाने के बाद विधिवत कार्रवाई करते हुए घटना में प्रयुक्त चाकू भी जब्त कर लिया गया। आरोपी को न्यायालय में पेश कर दिया गया है।
कार्रवाई में मुख्य भूमिका
निरीक्षक गिरीश त्रिपाठी, उनि राजेन्द्र सिंह कुशवाहा, प्र.आर. अरुण जुदेव, प्र.आ. योगेश यादव, आर. अमरदास कलम, आर. हेमंत पटेल, आर. मोहसीन खान, आर. शिवम् वर्मा, आर. प्रतीक साहू एवं आप. प्रदीप सोनी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
