18 घंटे में अपहृत दो नाबालिग बालिकाएं सकुशल बरामद, परिजनों को सौंपा
नर्मदापुरम् 17/1/206(छगन कुशवाहा पिपरिया) नर्मदापुरम्
पिपरिया, मंगलवारा थाना पिपरिया पुलिस ने ऑपरेशन मुस्कान के तहत त्वरित कार्रवाई करते हुए अपहृत दो नाबालिग बालिकाओं को महज 18 घंटे के भीतर सकुशल दस्तयाब कर परिजनों के सुपुर्द किया है। पुलिस की इस संवेदनशील और प्रभावी कार्रवाई से परिजनों ने राहत की सांस ली।
मामले में ग्राम घुरेला निवासी रूपसिंह मेहरा ने 15 जनवरी को थाना पिपरिया में सूचना दी थी कि उसकी 17 वर्षीय एवं 14 वर्ष 8 माह की दो नाबालिग बालिकाओं को कोई अज्ञात व्यक्ति बहला-फुसलाकर अपहरण कर ले गया है। सूचना पर थाना पिपरिया में अपराध क्रमांक 36/2026 धारा 137(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक नर्मदापुरम श्री साई कृष्ण एस. थोटा के मार्गदर्शन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अभिषेक राजन के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक गिरीश त्रिपाठी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तत्काल घटना स्थल, पिपरिया शहर, रेलवे स्टेशन व आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही बालिकाओं की फोटो दिखाकर मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया।
जांच के दौरान सूचना मिली कि दोनों बालिकाएं सोहागपुर के मारुपुरा क्षेत्र में देखी गई हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों नाबालिगों को सकुशल दस्तयाब किया। आवश्यक पूछताछ के बाद बालिकाओं को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
इस पूरी कार्रवाई में थाना पिपरिया पुलिस टीम ने लगातार प्रयास कर 18 घंटे के भीतर बालिकाओं को सुरक्षित बरामद किया।
इस कार्रवाई में प्रमुख भूमिका निभाने वालों में निरीक्षक गिरीश त्रिपाठी, सउनि आशीष तिलोरिया, प्र.आर. 517 अरुण जुदेव, आर. 48 मोहसीन खान, आर. 334 अतुल विश्वकर्मा, आर. 964 अमरदास कलम, आर. 904 जितेंद्र शेषकर एवं म.आर. 798 रवीना धुर्वे शामिल रहे।



